साल की सर्वश्रेष्ठ महिला क्रिकेटर का पुरस्‍कार जीतने के बाद स्मृति मंधाना ने बताया अपना अगला लक्ष्य - क्रिकट्रैकर हिंदी

साल की सर्वश्रेष्ठ महिला क्रिकेटर का पुरस्‍कार जीतने के बाद स्मृति मंधाना ने बताया अपना अगला लक्ष्य

आईसीसी ‘महिला क्रिकेटर ऑफ द ईयर’ पुरस्कार के साथ स्मृति मंधाना ने महिला क्रिकेट जगत में रचा इतिहास।

Smriti Mandhana
Smriti Mandhana poses during an India women portrait session. (Photo by Pat Elmont – ECB/ECB via Getty Images)

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना को 24 जनवरी को 2021 की सर्वश्रेष्ठ महिला क्रिकेटर चुना गया है। मंधाना को खेल के सभी प्रारूपों में शानदार प्रदर्शन के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने वर्ष 2021 के लिए आईसीसी ‘महिला क्रिकेटर ऑफ द ईयर’ पुरस्कार से नवाजा है। मंधाना ने साल 2021 में 22 अंतरराष्‍ट्रीय मैचों में 38.86 की औसत से 855 रन बनाए, जिसमें एक शतक और पांच अर्धशतक शामिल है।

बाएं हाथ की सलामी बल्लेबाज ने इंग्लैंड के टैमी ब्यूमोंट, दक्षिण अफ्रीका के लिजेल ली और आयरलैंड के गैबी लुईस को हराकर वर्ष 2021 की सर्वश्रेष्ठ महिला क्रिकेटर होने सम्मान हासिल किया। उन्हें आईसीसी की वर्ष 2021 की सर्वश्रेष्ठ महिला टी20 टीम में भी शामिल किया गया हैं।

यह दूसरी बार हैं जब स्मृति को आईसीसी महिला क्रिकेटर ऑफ द ईयर से सम्मानित किया गया है। इससे पहले वह 2018 में भी सर्वश्रेष्ठ महिला क्रिकेटर और सर्वश्रेष्ठ महिला वनडे क्रिकेटर भी रह चुकी हैं। मंधाना यह अवॉर्ड दो बार जीतने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी हैं, वहीं महिला क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया की ऑलराउंडर एलिस पेरी (2017, 2019) के बाद वह ऐसा करने वाली सिर्फ दूसरी महिला क्रिकेटर हैं।

स्मृति मंधाना का अगला लक्ष्य आईसीसी महिला किकेट विश्‍व कप 2022 ट्रॉफी पर

साल की सर्वश्रेष्ठ महिला क्रिकेटर होने का गौरव प्राप्त करने के बाद स्मृति ने कहा वह इस पुरस्कार को अपनी प्रेरणा बनाएंगी और यह सुनिश्चित करेंगी कि वह शीर्ष क्रम में अपनी टीम के लिए योगदान देती रहे। उन्होंने यह भी कहा कि अब उनका ध्‍यान न्‍यूजीलैंड में आयोजित होने वाले आगामी आईसीसी महिला क्रिकेट विश्‍व कप 2022 जीतने पर लगा हुआ है।

मंधाना ने ICC को बताया, “मैं प्रतिष्ठित आईसीसी वर्ष की सर्वश्रेष्‍ठ महिला क्रिकेटर के लिए रचेल हेहोए फ्लिंट ट्रॉफी प्राप्त करने के लिए सम्मानित महसूस कर रही हूं। मैं अपनी टीम के साथियों, मेरे कोच, मेरा परिवार, दोस्‍तों और फैंस की आभारी हूं, जिन्‍होंने मेरी क्षमता पर विश्‍वास किया और इस यात्रा में मेरा साथ दिया।“

उन्होंने आगे कहा, “एक असाधारण और कठिन वर्ष में क्रिकेट के वैश्विक शासी निकाय से इस तरह के उच्च वर्ग की पहचान इस अवार्ड द्वारा मुझे अपने खेल को बेहतर बनाने और टीम इंडिया की सफलता में योगदान देने के लिए प्रोत्‍साहित और प्रेरित करेगी। मैं न्यूजीलैंड में आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप 2022 जीतने पर स्पष्ट ध्यान देने के लिए तत्पर हूं।“

बता दें, भारत महिला विश्‍व कप 2022 में अपना पहला मुकाबला 6 मार्च को पाकिस्‍तान के खिलाफ खेलेगा। इसके बाद 10 मार्च को न्‍यूजीलैंड, 12 मार्च को वेस्‍टइंडीज, 16 मार्च को इंग्‍लैंड, 19 मार्च को ऑस्‍ट्रेलिया, 22 मार्च को बांग्‍लादेश और 27 मार्च को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैदान में उतरेगा।

close whatsapp