“वर्ल्ड कप जीतना उनका हमेशा से सपना रहा है, उम्मीद है कि…”, हरमनप्रीत कौर को लेकर बोली शेफाली वर्मा
वह (हरमनप्रीत कौर) एक बेहतरीन खिलाड़ी, एक बेहतरीन टीममेट और एक शानदार कप्तान हैं- शेफाली वर्मा
अद्यतन - Oct 4, 2024 3:07 pm

महिला टी20 वर्ल्ड कप 2024 में भारतीय टीम पहला मुकाबला आज 4 अक्टूबर को दुबई में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेलने वाली है। टीम ने पिछले आठ संस्करणों में कभी भी टी20 वर्ल्ड कप नहीं जीता है। टीम 2022 एडिशन के फाइनल में पहुंची थी, लेकिन उन्हें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हार झेलनी पड़ी थी। इस बार पहला खिताब उठाने के लिए हरमनप्रीत कौर एंड कंपनी अपना पूरा जोर दिखाती हुई नजर आएंगी।
इस बीच, टूर्नामेंट के पहले मैच से पहले भारतीय ओपनर शेफाली वर्मा ने प्री-मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में काफी सारी चीजों को लेकर बातें की। शेफाली ने बताया कि उनका बॉन्ड स्मृति मंधाना और कप्तान हरमनप्रीत कौर के साथ कैसा है। शेफाली ने यह भी बताया कि वर्ल्ड कप जीतना हमेशा से हरमनप्रीत का सपना रहा है और ओपनर को उम्मीद है कि इस बार यह जरूर पूरा होगा।
पिछले 6-7 महीनों से वर्ल्ड कप की तैयारी कर रहे हैं- शेफाली वर्मा
शेफाली वर्मा ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले मैच और सोफी डिवाइन को लेकर बात करते हुए कहा,
“हां, हमारा पहला मैच न्यूजीलैंड के खिलाफ है, और लंबे समय के बाद उनका सामना करना रोमांचक है। हम पिछले 6-7 महीनों से वर्ल्ड कप की तैयारी कर रहे हैं, और हम सभी इसके लिए उत्सुक हैं। सोफी डिवाइन एक निडर बल्लेबाज हैं, इसलिए हम उन्हें जल्दी आउट करने की कोशिश करेंगे।”
शेफाली ने स्मृति मंधाना के साथ अपने ऑन-फील्ड रिलेशन को लेकर बात करते हुए कहा,
“मैं पिछले 2-3 सालों से स्मृति के साथ ओपनिंग कर रही हूं, और अब हम बल्लेबाजी करते समय अपने चेहरे के हाव-भाव से ही एक-दूसरे की भावनाओं को समझ सकते हैं। हम एक-दूसरे की ताकत और कमजोरियों को जानते हैं, और हम एक-दूसरे को सकारात्मक ऊर्जा देते हैं। हम समझते हैं कि हम दोनों टीम के लिए कितने महत्वपूर्ण हैं, खासकर पावरप्ले के दौरान, इसलिए हम अपने लिए, अपने साथियों और देश के लिए अच्छा प्रदर्शन करने की कोशिश करते हैं। स्मृति दी गेंद को बेहतरीन तरीके से संभालती हैं, और उन्हें पता है कि पारी को कैसे आगे बढ़ाया जाए। ये दो चीजे हैं जिनकी मैं उनकी बल्लेबाजी में सबसे ज्यादा प्रशंसा करती हूं- उनकी टाइमिंग और एक बड़ी पारी बनाने की उनकी क्षमता।”
शेफाली वर्मा ने फिर भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर के साथ उनके बॉन्ड को लेकर बात करते हुए कहा,
“हरमनप्रीत दीदी खेल के प्रति बहुत जुनूनी हैं। वर्ल्ड कप जीतना हमेशा से उनका सपना रहा है और मुझे उम्मीद है कि हम उस सपने को साकार कर पाएंगे। वह एक बेहतरीन खिलाड़ी, एक बेहतरीन टीममेट और एक शानदार कप्तान हैं जो हमें हर समय प्रेरित और प्रोत्साहित करती हैं।”