Ashes 2023: चौथे टेस्ट में जॉनी बेयरस्टो की धमाकेदार पारी ने तमाम आलोचकों की बोलती की बंद
मेजबान इंग्लैंड ने इस मैच में काफी अच्छा प्रदर्शन करते हुए अपनी पहली पारी में सभी विकेट खोकर 592 रन बनाए।
अद्यतन - जुलाई 21, 2023 10:50 अपराह्न

इस समय इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच एशेज 2023 का चौथा टेस्ट मैच मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में खेला जा रहा है। मेजबान इंग्लैंड ने इस मैच में काफी अच्छा प्रदर्शन करते हुए अपनी पहली पारी में सभी विकेट खोकर 592 रन बनाए।
इंग्लैंड की ओर से सलामी बल्लेबाज जैक क्रॉली ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए 182 गेंदों में किस चौके और तीन छक्कों की मदद से 189 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के किसी भी गेंदबाज को अपने ऊपर हावी नहीं होने दिया और लगातार बड़ा प्रहार किया। उनके अलावा मोईन अली ने 82 गेंदों में 7 चौकों की मदद से 54 रनों की पारी खेली जबकि जो रूट ने 95 गेंदों में आठ चौके और एक छक्के की मदद से 84 रन का योगदान दिया।
हालांकि पिछले काफी समय से खराब फॉर्म में जूझ रहे जॉनी बेयरस्टो की पारी की तमाम लोग अब जमकर प्रशंसा कर रहे हैं। जॉनी बेयरस्टो ने इस मुकाबले में 81 गेंदों में 10 चौके और 4 छक्कों की मदद से 99 रनों की नाबाद पारी खेली। वो महज 1 रन से अपने शतक से चूक गए। एशेज में 99* रन पर नॉटआउट रहने वाले वो दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज बल्लेबाज स्टीव वॉ 1995 में 99 रन पर नॉटआउट रहे थे।
चौथे टेस्ट मुकाबले में अभी तक इंग्लैंड काफी अच्छी स्थिति में
बता दें, युवा बल्लेबाज हैरी ब्रूक ने भी अपनी टीम की ओर से काफी अच्छी बल्लेबाजी की और 100 गेंदों में 5 चौकों की मदद से 61 रन बनाए। उनके अलावा कप्तान बेन स्टोक्स ने 74 गेंदों में 5 चौकों की मदद से 51 रनों की बहुमूल्य पारी खेली।
इससे पहले ऑस्ट्रेलिया अपनी पहली पारी में अच्छी बल्लेबाजी करने में नाकाम रही थी और उनकी पूरी टीम 317 रन पर ऑलआउट हो गई थी। इस समय इस टेस्ट सीरीज में ऑस्ट्रेलिया 21 से आगे हैं। जहां एक तरफ इंग्लैंड इस मैच को जीतकर सीरीज में 2-2 की बराबरी करना चाहेंगे वहीं दूसरी ओर ऑस्ट्रेलिया इस मैच को जीतकर सीरीज अपने नाम करने को देखेगी।