‘दबाव में ऐसी गलती किसी से भी हो सकती है’- अर्शदीप सिंह के सपोर्ट में बोले विराट कोहली
पाकिस्तान के खिलाफ मैच में अर्शदीप सिंह ने आसिफ अली का महत्वपूर्ण कैच छोड़ा था।
अद्यतन - सितम्बर 5, 2022 11:38 पूर्वाह्न

दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में रविवार, 4 सितंबर को एक रोमांचक मुकाबले में पाकिस्तान ने भारत को हरा दिया। लेकिन मैच के बाद सबसे ज्यादा चर्चा 18वें ओवर को लेकर हुई जहां अर्शदीप सिंह ने आसिफ अली का एक महत्वपूर्ण कैच छोड़ा था। मैच के बाद पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली ने रोमांचक मुकाबले के बाद दबाव में युवा भारतीय तेज गेंदबाज की सपोर्ट में सामने आए।
जब पाकिस्तान की टीम बल्लेबाजी कर रही थी तब पारी का 18वां ओवर रवि बिश्नोई डाल रहे थे। उसी ओवर में युवा तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने आसिफ अली का महत्वपूर्ण कैच छोड़ा था। युवा खिलाड़ी की इस गलती के बारे में बात करते हुए कोहली ने कहा कि प्रेशर में ऐसी गलती हो जाती है।
दबाव में ऐसी गलती किसी से भी हो सकती है- विराट कोहली
मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में विराट कोहली ने कहा कि, ‘दबाव में ऐसा किसी से भी हो सकता है। बड़ा मैच था, सिचुएशन भी टाइट थी। मुझे याद है कि जब मैंने चैंपियंस ट्रॉफी में पाकिस्तान के खिलाफ अपना पहला मैच खेला था, तब भी मैंने खराब शॉट खेला और आउट हो गया। दबाव में कोई भी गलती कर सकता है।
बुरा लगना स्वाभाविक है। टीम का माहौल अभी बहुत अच्छा है, इसका श्रेय जाता है प्रबंधन और कप्तान। इसलिए अपनी गलती स्वीकार करनी चाहिए, उस पर ध्यान देना चाहिए और एक बार फिर उस दबाव की स्थिति में आने के लिए तत्पर रहना चाहिए।’
बता दें कि, 18वें ओवर की तीसरी गेंद पर अर्शदीप सिंह ने आसिफ अली का आसान सा कैच शॉर्ड थर्ड मैन पर छोड़ा था। आसिफ का उस समय खाता भी नहीं खुला था। इसके बाद इस पाकिस्तानी बल्लेबाज ने 8 गेंदों पर 2 चौकों और 1 छक्के की मदद से 16 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली थी।