ऑस्ट्रेलिया के कोच जस्टिन लैंगर को खेल में उनके अपार योगदान के लिए मिला यह बड़ा सम्मान - क्रिकट्रैकर हिंदी

ऑस्ट्रेलिया के कोच जस्टिन लैंगर को खेल में उनके अपार योगदान के लिए मिला यह बड़ा सम्मान

ऑस्ट्रेलियन क्रिकेट हॉल ऑफ फेम के अध्यक्ष पीटर किंग ने जस्टिन लैंगर के योगदान को सराहा।

Justin Langer and Peter King, Chairman of the Australian hall of fame, (Image Source: Cricket Australia)
Justin Langer and Peter King, Chairman of the Australian hall of fame, (Image Source: Cricket Australia)

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज और वर्तमान मुख्य कोच, जस्टिन लैंगर को देश की सफलता में उनके अपार योगदान, बतौर बल्लेबाज और कोच, के लिए ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट हॉल ऑफ फेम में शामिल किया गया है। लैंगर के अलावा, पूर्व तेज गेंदबाज और ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम की कप्तान रायली थॉम्पसन को भी ऑस्ट्रेलियाई हॉल ऑफ फेम में शामिल किया गया है।

लैंगर का ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम में बतौर सलामी बल्लेबाज अहम योगदान रहा। उन्होंने अपने टेस्ट करियर में 105 मैच खेलते हुए 45.27 की औसत से 7696 रन बनाए। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 23 शतक और 30 अर्धशतक जड़े हैं। वहीं थॉम्पसन ने महिला क्रिकेट टीम को एक नई दिशा दिखाई।

लैंगर को मई 2018 में ऑस्ट्रेलियाई टीम की बागडोर सौंपी गई थी जब दक्षिण अफ्रीका में बॉल टेम्परिंग के मामले ने ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट की जड़े हिला थी, और उन्हें पूरे विश्व में शर्मसार होना पड़ा था।

जस्टिन लैंगर को उनके योगदान के लिए मिला सम्मान

उन्होंने ऑस्ट्रेलिया टीम को न सिर्फ सही मार्गदर्शन दिखाया, बल्कि टीम की संस्कृति में भी बदलाव लेकर आए और साथ ही अपने प्रशंसकों का दिल भी वापस जीतने में ऑस्ट्रेलिया टीम की मदद की। उनकी कोचिंग में ऑस्ट्रेलिया ने T20 वर्ल्ड कप 2021 जीता और साथ ही हाल ही में सम्पन्न हुई एशेज सीरीज में इंग्लैंड को 4-0 से धूल चटाई और एक बार फिर एशेज पर अपना कब्ज़ा जमाया।

ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट हॉल ऑफ फेम के अध्यक्ष पीटर किंग ने कहा, “ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में जस्टिन का योगदान चार अलग-अलग दशकों में फैला है। सबसे पहले वह एक खिलाड़ी के रूप में विश्व क्रिकेट की अब तक की सबसे सफल टीमों में से एक के हिस्सा रहे। फिर एक कोच के रूप में, उन्होंने बड़ी जरूरत के समय ऑस्ट्रेलिया के कोच की भूमिका निभाई और ऑस्ट्रेलियाई पुरुष क्रिकेट टीम का नेतृत्व बड़े गौरव के साथ किया, जिस पर ऑस्ट्रेलियाई लोगों को बहुत गर्व है।”

बात करे थॉम्पसन की तो उन्होंने 1972 और 1985 के बीच 13 सालों में 16 टेस्ट और 23 वनडे मैच खेलते हुए ऑस्ट्रेलिया की महिला क्रिकेट टीम को एक नई दिशा दिखाई। थॉम्पसन के नाम 39 साल और 175 दिनों की उम्र में टेस्ट में पहला 5-विकेट हॉल लेने का रिकॉर्ड दर्ज है। महिला और पुरुष क्रिकेट में ऐसा करने वाली वह सबसे उम्रदराज खिलाड़ी हैं।

close whatsapp