IPL 2025 में खराब प्रदर्शन की वजह से KKR और हेड कोच चंद्रकांत पंडित के रास्ते हुए अलग, पढ़ें बड़ी खबर
टीम में साल 2023 से हेड कोच की जिम्मेदारी संभाल रहे थे पंडित
अद्यतन - Jul 29, 2025 7:58 pm

आईपीएल 2025 में खराब प्रदर्शन की वजह से, हेड कोच चंद्रकांत पंडित और कोलकाता नाइट राइडर्स ने अलग-अलग होने का फैसला किया है। इसके अलावा चार साल से टीम में गेंदबाजी कोच की भूमिका निभा रहे भरत अरुण ने भी आपसी सहमति से अलग होने का फैसला किया है।
गौरतलब है कि घरेलू क्रिकेट में सबसे सफल कोचों में से एक चंद्रकांत पंडित केकेआर फ्रेंचाइजी से साल 2023 में हेड कोच के रूप में जुड़े थे। तो वहीं, भरत अरुण जो भारतीय क्रिकेट टीम में साल 2014 से 2021 तक गेंदबाजी कोच की सेवा दे चुके थे, वे टीम से साल 2022 से जुड़े थे। लेकिन अब फ्रेंचाइजी ने आपसी सहमति से इन दोनों कोचों से अलग होने का फैसला किया है।
हालांकि, दोनों के नेतृत्व में केकेआर ने अपना तीसरा आईपीएल खिताब (2024) भी जीता था। लेकिन, आईपीएल के गत सीजन में टीम के साधारण प्रदर्शन की वजह से तीन बार की चैंपियन फ्रेंचाइजी ने यह फैसला लिया है। पिछले सीजन केकेआर ने आईपीएल 2025 की पाॅइंट्स टेबल को 8वें पायदान पर खत्म किया था। टीम खेले गए 14 लीग मैचों में से सिर्फ पांच में ही जीत हासिल कर पाई थी।
नए कप्तान अजिंक्य रहाणे की अगुवाई में केकेआर का खिताब बचाने का अभियान खराब प्रदर्शन, मौके गंवाने और आंतरिक समस्याओं के कारण नाकाम रहा। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ बारिश की वजह से वाॅशआउट हुए मैच के बाद, उनकी प्लेऑफ की उम्मीदें खत्म हो गईं। तो वहीं, चंद्रकांत पंडित के टीम से अलग होने को लेकर फ्रेंचाइजी ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट से एक भावुक पोस्ट भी शेयर की है।
देखें केकेआर की यह पोस्ट
अभिषेक नायर को मिल सकता है केकेआर में महत्वपूर्ण पद
तो वहीं, पिछले कुछ सालों से केकेआर टीम में सहायक कोच की भूमिका में नजर आ रहे पूर्व भारतीय क्रिकेटर अभिषेक नायर को टीम में एक अहम पद मिल सकता है। इसके अलावा टीम के पूर्व खिलाड़ी इयोन माॅर्गन को भी टीम के कोर मैनेजमेंट ग्रुप में एक बड़ी जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है।