पाथुम निस्सांका और कुसल मेंडिस ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ श्रीलंका को दिलाई धमाकेदार शुरुआत, पहले विकेट के लिए की शतकीय साझेदारी
इस मैच में श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया।
अद्यतन - Oct 16, 2023 3:40 pm

इस समय आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2023 का 14वां मुकाबला ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका के बीच लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच में श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। अभी तक आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2023 में दोनों टीमों ने दो-दो मैच खेले हैं और दोनों मैच में उनको हार का सामना करना पड़ा है।
फिलहाल लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे मुकाबले में श्रीलंका ने काफी अच्छी शुरुआत की है और उनके पहले विकेट ने शतकीय साझेदारी की है। कुसल परेरा और पाथुम निस्सांका दोनों ने अभी तक ऑस्ट्रेलिया के सभी गेंदबाजों के खिलाफ कड़ा प्रहार किया है। दोनों खिलाड़ी दोनों छोर से तेजी से रन बना रहे हैं और ऑस्ट्रेलिया के ऊपर लगातार दबाव बना रहे हैं।
बता दें, दोनों ही टीमों के लिए इस मैच को जीतना बेहद जरूरी है। ऑस्ट्रेलिया का प्रदर्शन आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2023 में इतना अच्छा नहीं रहा है लेकिन उन्हें हल्के में बिल्कुल नहीं लिया जा सकता क्योंकि यह वही टीम है जिसने वनडे वर्ल्ड कप को पांच बार अपने नाम किया है। हालांकि, ऑस्ट्रेलिया के गेंदबाजों के पास फिलहाल श्रीलंका के सलामी बल्लेबाजों का कोई तोड़ नजर नहीं आ रहा है। अब देखना यह है कि श्रीलंका पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया को कितने रनों का लक्ष्य देता है?
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया
बता दें, श्रीलंका को आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2023 के अपने पहले मैच में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 102 रनों से करारी शिकस्त मिली थी जबकि पाकिस्तान के खिलाफ उन्हें 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। वहीं ऑस्ट्रेलिया को आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2023 के अपने पहले मैच में भारत के खिलाफ छह विकेट से हार मिली थी जबकि अपने दूसरे मैच में उन्हें दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 134 रनों से हार का सामना करना पड़ा था।
लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में स्पिनर्स को काफी मदद मिलती है और देखना यह होता है कि इस मैच को कौनसी टीम अपने नाम करती है। कंगारू टीम को अगर इस मैच को अपने नाम करना है तो उन्हें जल्द से जल्द विकेट लेने होंगे।