LLC 2022 के बाकी बचे मैचों में वर्ल्ड जायंट्स टीम का हिस्सा इमरान ताहिर इस बड़ी वजह के चलते नहीं दिखेंगे खेलते हुए
पाकिस्तान सुपर लीग के आगामी सीजन में इमरान ताहिर मुल्तान सुल्तान टीम का हिस्सा हैं।
CricTracker जूनियर स्टाफ लेखिका
अद्यतन - Jan 23, 2022 2:12 pm

लीजेंड्स लीग क्रिकेट (LLC) 2022 के पहले संस्करण में वर्ल्ड जायंट्स टीम की तरफ से खेल रहे लेग स्पिनर इमरान ताहिर अब टूर्नामेंट के बाकी बचे मैचों में हिस्सा नहीं लेंगे। जिसमें अब वह पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) के आगामी सीजन में खेलते हुए दिखने वाले हैं।
पाकिस्तान सुपर लीग के आगामी सीजन की शुरुआत 27 जनवरी होगी जिसमें टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 27 फरवरी को खेला जाएगा। जिसमें इमरान ताहिर 7वें सीजन में मुल्तान सुल्तान की तरफ से खेलने वाले हैं। जिसमें मुल्तान सुल्तान की टीम को अपना पहला मुकाबला ही 27 जनवरी को कराची किंग्स के खिलाफ कराची के मैदान पर खेलना है।
अभी तक इमरान ताहिर ने पाकिस्तान सुपर लीग में कुल 27 मुकाबले खेले हैं, जिसमें उन्होंने 17.48 के औसत के साथ कुल 37 विकेट हासिल किए हैं। वहीं अब वह टीम के बायो-बबल का हिस्सा बनेंगे।
इमरान ताहिर ने बल्ले से इंडिया महाराजा के खिलाफ जीत में निभाई थी अहम भूमिका
इमरान ताहिर लीजेंड्स लीग क्रिकेट में वर्ल्ड जायंट्स टीम की तरफ से खेल रहे थे, जिसमें उन्होंने इंडिया महाराजा के खिलाफ दूसरे मुकाबले में टीम को जीत दिलाने के लिए बल्ले से काफी अहम भूमिका निभाई थी। इस मैच में इंडिया महाराजा की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में 3 विकेट के नुकसान पर 209 रन बनाए थे, जिसमें नमन ओझा की 69 गेंदों में शानदार 140 रनों की पारी भी शामिल है।
इसके बाद लक्ष्य का पीछा करने उतरी वर्ल्ड जायंट्स टीम के ऊपरी क्रम में सिर्फ केविन पीटरसन के बल्ले से अर्धशतकीय पारी देखने को मिली थी। लेकिन मध्यक्रम में कोई बल्लेबाज अहम पारी खेलने में कामयाब नहीं हो सका। जिसके बाद इमरान ताहिर ने निचलेक्रम में 19 गेंदों में नाबाद 52 रनों की शानदार पारी खेलते हुए टीम को 3 विकेट से जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी।