लेह कासपर्क को जेस केर की जगह श्रीलंका दौरे में किया गया शामिल
लेह कासपर्क ने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला सितंबर 2021 में खेला था।
अद्यतन - जून 19, 2023 12:36 अपराह्न

जून महीने में न्यूजीलैंड महिला टीम को श्रीलंका महिला टीम के साथ मल्टी फॉर्मेट सीरीज खेलनी है। दोनों टीमें इसके लिए काफी उत्साहित हैं। बता दें, दोनों टीमों के बीच तीन वनडे और तीन टी-20 मुकाबले खेले जाएंगे। तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज का पहला मैच 27 जून को गाले अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में होगा।
हालांकि इस सीरीज की शुरुआत से पहले न्यूजीलैंड टीम को बड़ा झटका लगा है। न्यूजीलैंड टीम की बेहतरीन खिलाड़ी जेस केर नेट्स में अभ्यास करते समय चोटिल हो गई। बल्लेबाजी करते समय उनको यह चोट लगी। यह चोट उनके पैर की उंगली में लगी और अब उन्हें खेल से काफी हफ्तों तक दूर रहना पड़ेगा। वो अब लगभग 6 हफ्ते तक रिहैब में रहेंगी।
हालांकि अब जेस केर की जगह श्रीलंका दौरे के लिए न्यूजीलैंड टीम ने शानदार ऑफ स्पिनर लेह कासपर्क को स्क्वॉड में शामिल किया है। बता दें, लेह कासपर्क ने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला सितंबर 2021 में खेला था। उनके आने से टीम को मजबूती तो मिल गई है लेकिन पिछले काफी समय से वो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से दूर रही हैं।
लेह कासपर्क ने न्यूजीलैंड के लिए अभी तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में काफी अच्छा प्रदर्शन किया है। श्रीलंका की पिच में स्पिनर्स को काफी मदद मिलती है और इस सीरीज में भी लेह कासपर्क बेहतरीन भूमिका निभाते हुए नजर आ सकती हैं। लेह कासपर्क इस समय स्कॉटलैंड में है और बहुत जल्द वो टीम में वापसी करेंगी।
दौरे से ठीक पहले चोट लगना किसी भी खिलाड़ी के लिए काफी बुरी बात होती है: बेन सॉयर
न्यूजीलैंड महिला टीम के मुख्य कोच बेन सॉयर ने जेस केर की चोट को लेकर अपना पक्ष रखा। ESPNक्रिकइंफो के मुताबिक बेन सॉयर ने कहा कि, ‘जेस ने ठंडक के मौसम में काफी अभ्यास किया था और अब जब दौरे की शुरुआत होने वाली है तब उनको चोट लग गई है और यह किसी भी खिलाड़ी के लिए काफी बुरी बात होती है। हम उनको श्रीलंका की परिस्थिति में अच्छा प्रदर्शन करने को देख रहे थे। लेकिन हमें पूरी उम्मीद है कि वो बहुत जल्द फिट होंगी और श्रीलंका के बाद आने वाली चुनौती में अच्छा प्रदर्शन करेंगी।
लेह कासपर्क के लिए वर्ल्ड कप के बाद के 18 महीने काफी चुनौतीपूर्ण रहे हैं। वो काफी अच्छी खिलाड़ी है और श्रीलंका की परिस्थितियों में स्पिनर्स को काफी मदद मिलती है। उम्मीद करता हूं कि वह अच्छा प्रदर्शन करेंगी।’