IND vs BAN: भारत के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए बांग्लादेश ने लिटन दास को बनाया कप्तान
नियमित कप्तान तमीम इकबाल इंजरी के चलते वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं।
अद्यतन - Dec 3, 2022 2:43 pm

बांग्लादेश क्रिकेट टीम ने विकेटकीपर-बल्लेबाज लिटन दास को भारत के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए अपनी टीम का कप्तान नियुक्त किया है। बात दें कि उन्हें कप्तानी करने का ज्यादा अनुभव नहीं है बस उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ एक टी-20 मैच में कप्तानी की है।
गौरतलब है कि बांग्लादेश वनडे टीम के नियमित कप्तान तमीम इकबाल चोटिल होने के कारण पूरी वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं। उन्हें प्रैक्टिस के दौरान कमर में चोट लग गई थी, हालांकि इस बात की आशंका थी कि वे ठीक हो जाएंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। उनकी चोट इतनी गंभीर बताई जा रही है कि वह 14 दिसंबर से शुरू हो रही टेस्ट सीरीज में भी नहीं खेल पाएंगे।
बता दें कि टेस्ट क्रिकेट में वह शाकिब अल हसन के साथ कई मौकों पर उपकप्तान की भूमिका में नजर आए हैं। लेकिन उन्होंने फुल टाइम कप्तानी बहुत कम की है। वहीं दूसरी तरफ बांग्लादेश क्रिकेट के ऑपरेशन चेयरमैन जलाल युसूफ ने लिटन दास और तमीम इकबाल को लेकर बड़ा बयान दिया है।
दास में लीडरशिप क्वालिटी है- जलाल युसूफ
क्रिकबज के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार जलाल युसूफ ने कहा, लिटन दास टीम के अनुभवी खिलाड़ियों में से एक हैं और उन्होंने कई मौकों पर कप्तानी करके भी दिखाई हैं। उसके पास एक तेज दिमाग और वह क्रिकेट को अच्छी तरह से समझते हैं।
वहीं तमीम इकबाल को लेकर युसूफ ने कहा, तमीम का वनडे सीरीज से बाहर होना हमारे लिए दुर्भाग्यपूर्ण है। क्योंकि तमीम की कप्तानी में पिछले कुछ सालों में बांग्लादेश ने शानदार क्रिकेट खेली है और वह इस फाॅर्मेट में टीम के एक शानदार बल्लेबाज है।
गौरतलब है कि भारत और बांग्लादेश के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला 4 दिसंबर रविवार को खेला जाएगा। वहीं भारत की तरफ से इस मैच में कई सीनियर खिलाड़ी विराट कोहली, रोहित शर्मा और केएल राहुल खेलते हुए नजर आएंगे।