World Cup 2023: अपनी ही टीम का मजाक उड़ा रहे हैं वसीम अकरम, सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए…..
सेमीफाइनल की रेस से लगभग बाहर हो चुकी है पाकिस्तान की टीम।
अद्यतन - Nov 10, 2023 4:22 pm

वर्ल्ड कप 2023 में पाकिस्तान की टीम सेमीफाइनल की दौड़ से लगभग बाहर हो चुकी है। वह केवल तभी अंतिम-4 में जगह बना सकती है जब या तो वह अपने आखिरी मैच में इंग्लैंड को कम से कम 287 रन से हराए या फिर वह इंग्लैंड के खिलाफ लक्ष्य को महज 3.4 ओवर में हासिल कर ले। यह दोनों ही परिस्थितियां बनना आसान नहीं है। खासकर इंग्लैंड जैसी टीम के खिलाफ तो यह बेहद ही चुनौतीपूर्ण है।
कहने के लिए यह सब कुछ आंकड़ों के आधार पर सम्भव लगता है लेकिन ऐसा होना असम्भव लगता है। इसी बीच पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और गेंदबाज वसीम अकरम (Wasim Akram) ने पाकिस्तान टीम को अनोखा फॉर्मूला दिया है जिसके सहारे टीम सेमीफाइनल में अपनी जगह बना सकती है। उनका ये फार्मूला सुनकर हर कोई हैरान है।
वसीम अकरम ने पाकिस्तान की टीम को दिया अनोखा फार्मूला
वसीम ने Asports पर अपनी राय दी और कहा कि, “अब यकीनन पाकिस्तान सेमीफाइनल की रेस से बाहर है लेकिन के तरीका है सेमीफाइनल में पहुंचने का और वह है टाइम्ड आउट के तहत। पाकिस्तान को सेमीफाइनल में पहुंचना है तो 500 रन बनाने होंगे और साथ ही जब इंग्लैंड की टीम बल्लेबाजी के लिए आने वाली होगी, तभी उनके ड्रेसिंग रूम में 20 मिनट तक ताला लगा दें।जिसके कारण उनके सभी खिलाड़ी टाइम्ड आउट का शिकार हो जाए और पाकिस्तान मैच 500 से भारी अंतर से जीत जाए। हालांकि ये सभी बात उन्होंने मजाक में कही थी।”
बता दें कि 11 नवंबर को पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच मुकाबला खेला जाएगा जो दोनों टीमों का आखिरी लीग मैच होगा। वहीं, अफगानिस्तान और साउथ अफ्रीका के बीच मुकाबला 10 नवंबर को खेला जाएगा। प्वाइंट्स टेबल में इस समय न्यूजीलैंड की टीम चौथे नंबर पर है और पांचवें नंबर पर पाकिस्तान तो वहीं छठे नंबर पर अफगानिस्तान की टीम मौजूद है।
पाकिस्तान की टीम का नेट रन रेट +0.036 है तो वहीं अफगानिस्तान की टीम का नेट रन रेट नेगटिव में हैं। न्यूजीलैंड पॉजिटिव रन रेट के साथ चौथे नंबर पर पहुंच गया है। ऐसे में पाकिस्तान को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए चमत्कारिक प्रदर्शन करना होगा।
यह भी पढ़ें: तो इस वजह से अफगानिस्तान के खिलाफ नहीं खेल रहे हैं मार्को यान्सेन और तबरेज शम्सी