रोहन गावस्कर चाहते हैं कि भारतीय मैनेजमेंट जसप्रीत बुमराह की चोट का समाधान जल्द से जल्द निकालें
भारतीय टीम मैनेजमेंट को आराम से बैठकर इन सवालों के जवाब ढूंढने चाहिए कि क्या लिमिटेड ओवर्स क्रिकेट में जसप्रित बुमराह के वर्कलोड को कम किया जा सकता है? रोहन गावस्कर
अद्यतन - Oct 3, 2022 7:17 pm

भारत के पूर्व क्रिकेटर रोहन गावस्कर चाहते हैं कि भारतीय टीम मैनेजमेंट तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की चोट का जल्द से जल्द समाधान निकालें। बता दें, पीठ की चोट की वजह से जसप्रीत बुमराह अपने ही घर में खेली जा रही दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी-20 सीरीज से बाहर हो गए थे, यही नहीं उनका आगामी टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में भी खेलना संदिग्ध लग रहा है।
इससे पहले एशिया कप 2022 में भी वो हिस्सा नहीं ले पाए थे और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेली जा चुकी तीन मुकाबलों की टी-20 सीरीज में भी उन्होंने मात्र एक मैच खेला था। बुमराह ने इस साल ज्यादा अंतरराष्ट्रीय मुकाबले नहीं खेले हैं और भारतीय टीम के लिए यह समस्या की बात है। रोहन गावस्कर का मानना है कि अगर बुमराह जल्द से जल्द ठीक नहीं होते हैं तो रोहित शर्मा और बाकी खिलाड़ियों के लिए यह परेशानी की बात हो सकती है।
जसप्रीत बुमराह की चोट को लेकर रोहन गावस्कर ने कही ये बात
रोहन गावस्कर ने स्पोर्ट्स18 से कहा कि, ‘भारतीय टीम मैनेजमेंट को आराम से बैठकर इन सवालों के जवाब ढूंढने चाहिए कि क्या लिमिटेड ओवर्स क्रिकेट में जसप्रीत बुमराह के वर्कलोड को कम किया जा सकता है? क्या उनको टेस्ट क्रिकेट में ज्यादा से ज्यादा मुकाबले खिलाने चाहिए? क्योंकि इस समय टीम को इस प्रारूप में भी एक बेहतरीन तेज गेंदबाज चाहिए। इस साल उन्होंने भारत के लिए मात्र 5 अंतरराष्ट्रीय टी-20 मुकाबले खेले हैं जो चिंता का विषय है।’
गावस्कर ने आगे कहा कि, ‘यह काफी मुश्किल काम है, ऐसा नहीं है कि उनके ऊपर ज्यादा बोझ है या इस साल उनका वर्कलोड काफी रहा है। सबसे बड़ी बात यह है कि जितने मुकाबले उन्होंने खेले हैं और जितने मुकाबले टीम ने खेले हैं उसमें काफी बड़ा अंतर है। इसको देखकर ऐसा नहीं कहा जा सकता कि उनके ऊपर काम का भार है। टीम मैनेजमेंट को जल्द से जल्द बुमराह की चोट का समाधान निकालना होगा क्योंकि वो क्वालिटी गेंदबाज है और हमें उनकी बेहद जरूरत है।
जसप्रित बुमराह की चोट को लेकर तमाम लोग दुआ कर रहे हैं। सभी लोग यही चाह रहे हैं कि भारतीय तेज गेंदबाज जल्द से जल्द ठीक हो जाए और आगामी टी-20 वर्ल्ड कप में बेहतरीन प्रदर्शन करें।