पूर्व ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर का दावा, कहा- ‘जो रूट तोड़ सकते हैं सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड’
रूट ने लॉर्ड्स में न्यूजीलैंड के खिलाफ अपनी मैच विनिंग पारी के दौरान 10,000 टेस्ट रन पूरे किए।
अद्यतन - Jun 6, 2022 10:33 am

लॉर्ड्स टेस्ट मैच में जो रूट की शानदार शतकीय पारी के बदौलत इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड को पांच विकेट से मात दी। रूट, जो 115 रन पर नाबाद रहे, उन्होंने इस टेस्ट में अपना 26वां शतक बनाया और इस दौरान 10,000 रन का आंकड़ा भी पार किया। वह ऐसा करने वाले संयुक्त रूप से सबसे कम उम्र के खिलाड़ी भी बने। इस बीच ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर मार्क टेलर का मानना है कि इंग्लैंड के पूर्व कप्तान सचिन तेंदुलकर के टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं।
रूट टेस्ट क्रिकेट में 10,000 रन तक पहुंचने वाले 14वें बल्लेबाज बन गए हैं। सर एलिस्टेयर कुक के बाद ऐसा करने वाले वह केवल दूसरे इंग्लिश क्रिकेटर हैं। दाएं हाथ के बल्लेबाज ने 2012 में टेस्ट क्रिकेट में इंग्लैंड के लिए डेब्यू किया और उन्हें 10000 रनों तक पहुंचने में एक दशक से भी कम समय लगा।
31 वर्षीय रूट को इस खास उपलब्धि के बाद उन्हें हर कोने से प्रशंसा मिल रही है और मार्क टेलर ने उनकी सबसे ज्यादा तारीफ की। उन्होंने कहा कि रूट सबसे ज्यादा टेस्ट रन बनाने वाले खिलाड़ी बन सकते हैं, और वो इस मामले में सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं, जिन्होंने अपने करियर के दौरान 200 टेस्ट मैचों में 15921 रन बनाए।
मार्क टेलर ने जमकर की जो रूट की तारीफ
स्काई स्पोर्ट्स के हवाले से मार्क टेलर ने कहा कि, “रूट के पास कम से कम पांच साल बचे हैं, इसलिए मुझे लगता है कि वह तेंदुलकर का रिकॉर्ड हासिल करने में सक्षम हैं। रूट अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं और साथ ही मैंने उन्हें पिछले 18 महीनों से दो साल तक बल्लेबाजी करते हुए देखा है। वह अपने करियर के टॉप पर हैं, इसलिए अगर वह फिट रहते हैं तो उनके लिए 15,000 या उससे ज्यादा रन बनाना आसान है।”
इस साल की शुरुआत में वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज हारने के बाद जो रूट ने कप्तानी छोड़ दी थी। एशेज में ऑस्ट्रेलियाई टीम के हाथों 4-0 से हार का सामना करना पड़ा था। उन्होंने इंग्लैंड के टेस्ट टीम के कप्तान के रूप में सबसे अधिक मैचों (64) में सबसे अधिक जीत (27) के साथ अपना कार्यकाल समाप्त किया।