टी-20 वर्ल्ड कप 2022: शाहीन अफरीदी की ऊपर वाले से यही दुआ, किसी को भी उन मुश्किलों में ना डालें जो उन्होंने झेली है
इस साल जुलाई महीने में श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में पाकिस्तान के तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी के घुटने में चोट लग गई थी जिसके बाद उन्हें लगभग 3 महीने के लिए क्रिकेट से दूर रहना पड़ा था।
अद्यतन - अक्टूबर 31, 2022 4:15 अपराह्न

इस साल जुलाई महीने में श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में पाकिस्तान के तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी के घुटने में चोट लग गई थी जिसके बाद उन्हें लगभग 3 महीने के लिए क्रिकेट से दूर रहना पड़ा था।
पाकिस्तान के तेज गेंदबाज ने इंग्लैंड में अपना रिहैब पूरा किया। इसी वजह से वो एशिया कप में भी नहीं खेल पाए। इसी वजह से पाकिस्तान का प्रदर्शन इस टूर्नामेंट में काफी निराशाजनक रहा है। हालांकि शाहीन अफरीदी को टी-20 वर्ल्ड कप 2022 की टीम में वापस बुलाया गया।
अभी तक इस मुख्य टूर्नामेंट में ना तो शाहीन का प्रदर्शन अच्छा रहा है और ना ही पाकिस्तान टीम का। तेज गेंदबाज ने 3 मुकाबलों में बस 1 विकेट अपने नाम किया है। यही नहीं उन्होंने रन भी काफी लुटाए हैं। हालांकि अपनी चोट को लेकर पाकिस्तानी तेज गेंदबाज ने बड़ा बयान दिया है।
3 महीने के बाद ऐसी चोट से वापसी करना आसान नहीं है: शाहीन अफरीदी
टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में नीदरलैंड के खिलाफ मुकाबला जीतने के बाद शाहीन अफरीदी ने कहा कि, ‘3 महीने के बाद ऐसी चोट से उबर कर वापसी करना इतना आसान नहीं है। ऊपर वाला कभी भी किसी को ऐसी चोट ना दे और जिन भी लोगों को ऐसी चोटों का सामना करना पड़ा है वो जानते हैं कि इससे बाहर निकालना कितना मुश्किल है।’
शाहीन अफरीदी ने आगे कहा कि, ‘मैं अपना शत-प्रतिशत दे रहा हूं। मेरी गति भी पहले जितनी है। औसत गति 135-140 केपीएच है। मैं अपनी पूरी फिटनेस में वापसी करना चाह रहा हूं। मुकाबले की फिटनेस काफी अलग होती है, जब आप 3 महीने बाद मैदान पर वापसी कर रहे होते हैं तो इतनी जल्दी आप अपने आप को उसमें नहीं उतार पाते हैं।’
बता दें, पाकिस्तान टीम ने अभी तक इस टूर्नामेंट में 3 मुकाबले खेले हैं जिसमें से उन्होंने मात्र 1 में जीत दर्ज की है। भारत और जिंबाब्वे के खिलाफ टीम को हार का सामना करना पड़ा था। उनका इस मुख्य टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंचना काफी मुश्किल लग रहा है, हालांकि टीम अभी भी अपनी पूरी ताकत लगाकर मैदान पर उतरेगी और बचे हुए सभी मुकाबले जीतना चाहेगी। पाकिस्तान को अब अपना अगला मुकाबला दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 3 नवंबर को खेलना है।