IND vs WI: ‘उन्हें लगातार 5 विकेट हॉल लेने होंगे तब वो..’- अर्शदीप सिंह के चयन ना होने पर सुनील गावस्कर ने कही बड़ी बात
भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज 27 जुलाई से खेली जाएगी।
अद्यतन - Jun 24, 2023 6:44 pm

वेस्टइंडीज के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज के लिए बीसीसीआई ने भारतीय टीम की घोषणा कर दी है। रोहित शर्मा टीम की कमान संभालेंगे, वहीं हार्दिक पांड्या उपकप्तान की जिम्मेदारी निभाएंगे। वर्ल्ड कप के लिहाज से यह वनडे सीरीज भारत के लिए अहम है।
भारतीय युवा गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने आईपीएल के इस सीजन में शानदार खेल दिखाया है। लेकिन बीसीसीआई ने अर्शदीप सिंह को वनडे स्क्वॉड में जगह नहीं दी है। अर्शदीप सिंह की जगह मुकेश कुमार पर चयनकर्ताओं ने भरोसा दिखाया है। इसी बीच सुनील गावस्कर ने अर्शदीप सिंह को लेकर बड़ा बयान दिया है।
सुनील गावस्कर ने अर्शदीप सिंह को दिया बड़ा सुझाव
अर्शदीप सिंह ने आईपीएल 2023 के सीजन में 14 मैचों में 9.70 की इकॉनमी से 17 विकेट लिए हैं। अर्शदीप सिंह ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच में आखिरी ओवर में 15 रन डिफेंड करते हुए टीम को रोमांचक जीत दिलाई थी। पूर्व भारतीय दिग्गज खिलाड़ी सुनील गावस्कर का कहना है कि अर्शदीप सिंह को टीम इंडिया में जगह बनाने के लिए घरेलू क्रिकेट में लगातार विकेट लेते रहना होगा।
सुनील गावस्कर ने स्पोर्ट्स टूडे पर बात करते हुए कहा, ‘कभी-कभी शायद टीम से बाहर रहना भी ढेर सारे विकेट लेने की कोशिश करने के लिए बड़ा प्रोत्साहन होता है। शायद अर्शदीप को यही करने की जरूरत है। उन्हें लगातार 5 विकेट लेने की जरूरत है और फिर उन्हें लगातार टीम में चुना जाएगा।’
यह भी पढ़े- वेस्टइंडीज दौरे को लेकर आई बड़ी खबर! टेस्ट सीरीज से पहले ट्रेनिंग कैंप का हिस्सा बनेगी टीम इंडिया
वह सभी फॉर्मेट खेल सकते हैं- सुनील गावस्कर
सुनील गावस्कर ने अर्शदीप सिंह की तुलना जसप्रीत बुमराह से की है। सुनील गावस्कर का कहना है कि अर्शदीप तीनों फॉर्मेट में भारत का भविष्य है। सुनील गावस्कर ने आगे बात करते हए कहा, ‘वह सभी फॉर्मेट में भारत का भविष्य है। उन्होंने इंग्लैंड में काउंटी क्रिकेट में थोड़ा अच्छा प्रदर्शन किया।’
‘ठीक वैसे ही जैसे की जसप्रीत बुमराह एक टी-20 गेंदबाज के रूप में आए और भारतीय गेंदबाजी अटैक की अगुवाई की। अर्शदीप ऐसे खिलाड़ी है जो खेल के सभी फॉर्मेट खेल सकते हैं और आपको उन्हें ऐसा करने के लिए प्रोत्साहित करने की जरूरत है।’