गेंद फेंकने से पहले क्रीज छोड़ने वाले बल्लेबाजों पर तिलमिलाए मिचेल स्टार्क, कर दी ये बड़ी मांग
स्टार्क ने गेंद फेंकने से पहले क्रीज छोड़ने पर नॉन स्ट्राइकर बल्लेबाज और टीम पर पेनल्टी लगाने की मांग की है।
अद्यतन - Oct 19, 2022 1:07 pm

ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज और यॉर्कर स्पेशलिस्ट मिचेल स्टार्क ने नॉन स्ट्राइकर एंड पर मौजूद बल्लेबाजों पर लगाम लगाने के लिए नया नियम बनाने की मांग कर दी है। उन्होंने कहा है कि अगर नॉन स्ट्राइकर एंड पर मौजूद बल्लेबाज गेंद फेंकने से पहले क्रीज छोड़ता है तो उस पर 1 रन की पेनल्टी लगाई जाए।
बता दें कि मिचेल स्टार्क की यह टिप्पणी उस वक्त आई है जब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में मनकडिंग का मामला गरमाया हुआ है। इससे पहले मिचेल स्टार्क ने ऑस्ट्रेलिया-इंग्लैंड के खिलाफ हाल ही में कैनबरा में हुए तीसरे टी-20 मुकाबले में इंग्लैंड के कप्तान जॉस बटलर को गेंद फेंकने से पहले क्रीज छोड़ने को लेकर चेतावनी दी थी। मैच में जब बार-बार इंग्लैंड के बल्लेबाज जोस बटलर क्रीज छोड़ रहे थे तो उन्होंने ‘उन्हें (बटलर) चेतावनी देते हुए कहा ‘मैं दीप्ति नहीं हूं लेकिन मैं यह कर सकता (रन आउट) हूं।’
स्टार्क ने की बड़ी मांग:
टी-20 क्रिकेट वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड के खिलाफ से 22 अक्टूबर को अपना अभियान शुरू करने से पहले ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाजी के अगुआ मिशेल स्टार्क ने ‘द एज और द सिडनी मॉर्निंग हेराल्ड से बात करते हुए कहा, कि, “फ्रंट फुट नो-बॉल के लिए कैमरे हैं, हर समय एक कैमरा (अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में) लाइन देख रहा होता है।
अगर पैर आगे हो जाता है तो गेंद नो बॉल हो जाती है लेकिन जब एक बल्लेबाज नॉन स्ट्राइकर एंड पर गेंद फेंकने से पहले क्रीज छोड़ता है तो उस पर भी 1 रन का पेनल्टी होना चाहिए, लेकिन अभी तक ऐसा कोई नियम नहीं बना है।”
स्टार्क ने आगे कहा कि, “अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक दो या तीन रन से मैच के परिणाम पर असर पड़ता है। वहीं अगर नॉन स्ट्राइकर एंड पर गेंद फेंकने से पहले बल्लेबाज द्वारा लगातार क्रीज छोड़ते रहने पर गेंदबाजी टीम पर तकरीबन 10 से 20 रनों का अंतर पैदा हो सकता है।”