मुश्किल स्थिति में फंस गए हैं मोहम्मद कैफ, व्हाट्सएप अकाउंट हुआ हैक, फैंस से की यह अपील
मोहम्मद कैफ ने तमाम फैंस से खास अपील भी की है कि वह कोई भी महत्वपूर्ण इंफॉर्मेशन व्हाट्सएप पर ना भेजें।
अद्यतन - Feb 19, 2025 7:37 pm

भारतीय टीम के पूर्व बल्लेबाज मोहम्मद कैफ का व्हाट्सएप अकाउंट हैक हो गया है। इस बात की जानकारी खुद मोहम्मद कैफ ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर दी है। यही नहीं मोहम्मद कैफ ने तमाम फैंस से खास अपील भी की है कि वह कोई भी महत्वपूर्ण इंफॉर्मेशन व्हाट्सएप पर ना भेजें।
इस समय खेली जा रही चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में मोहम्मद कैफ बतौर एक्सपर्ट स्टार स्पोर्ट्स से जुड़े हैं और इसी बीच उनके साथ ये घटना घटी है।
मोहम्मद कैफ ने सोशल मीडिया के जरिए दी जानकारी
कैफ ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, ‘हेलो, मेरा वॉट्सऐप हैक हो गया है। आपसे अनुरोध है कि कोई भी महत्वपूर्ण जानकारी साझा न करें और न ही किसी पर विश्वास करें। मेरे वॉट्सऐप से आपके पास गलत सूचनाएं आ रही हैं। धन्यवाद।’ बता दें, ये पहला मौका नहीं है, इससे पहले भी कई बड़े खिलाड़ियों को ऐसी मुसीबत का सामना करना पड़ा है।
मोहम्मद कैफ का प्रदर्शन एक खिलाड़ी के रूप में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में हमेशा ही काफी अच्छा रहा है। उन्होंने टीम इंडिया की ओर से कई महत्वपूर्ण मैच में शानदार पारी खेली है। कैफ ने अपने इंटरनेशनल करियर के दौरान 13 टेस्ट 125 वनडे मैच खेले थे। इस दौरान उन्होंने टेस्ट में 32.84 की औसत से 624 रन बनाए हैं, जिसमें 3 अर्धशतक और 1 शतक शामिल है।
वहीं, वनडे में उन्होंने 32.01 की औसत से 2753 रन बनाए, इस दौरान उनके बल्ले से 17 अर्धशतक और 2 शतक देखने को मिले। इस समय चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच मैच खेला जा रहा है। इस मैच में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 320 रन बनाए हैं और मेजबान पाकिस्तान को मैच जीतने के लिए 321 रनों की जरूरत है।
टीम इंडिया की बात की जाए तो उन्हें इस टूर्नामेंट में अपना पहला मैच 20 फरवरी को बांग्लादेश के खिलाफ दुबई के दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेलना है। यह देखना बेहद जरूरी होगा कि टीम इंडिया इस मैच में कैसा प्रदर्शन करती है।