'ऐसे लोग सच्चे भारतीय नहीं हो सकते'- शमी ने कुछ इस अंदाज में दिया अपने ट्रोलर्स को मुंहतोड़ जवाब - क्रिकट्रैकर हिंदी

‘ऐसे लोग सच्चे भारतीय नहीं हो सकते’- शमी ने कुछ इस अंदाज में दिया अपने ट्रोलर्स को मुंहतोड़ जवाब

टी-20 वर्ल्ड कप के उस मैच में मोहम्मद शमी काफी महंगे साबित हुए थे।

Mohammed Shami. (Photo Source: Twitter)
Mohammed Shami. (Photo Source: Twitter)

जब टीम इंडिया पिछले साल यूएई में वर्ल्ड कप खेलने पहुंची थी तो टीम को फैंस से काफी उम्मीदें थी। लेकिन, टीम शुरू के कुछ मैचों में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाई थी जिस वजह से उन्हें काफी आलोचना का सामना करना पड़ा था। खासकर जब टीम इंडिया अपने पहले मैच में पाकिस्तान के खिलाफ हारी थी उसके बाद तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को फैंस ने बुरी तरह से ट्रोल किया था।

उसके बाद शमी को सुनील गावस्कर, सचिन तेंदुलकर, इरफान पठान, वीरेंद्र सहवाग सहित पूर्व क्रिकेटरों का व्यापक समर्थन मिला था। जबकि तत्कालीन भारतीय कप्तान विराट कोहली ने भी सार्वजनिक रूप से अपनी राय व्यक्त की थी और ट्रोलर्स को जमकर लताड़ा था। अब उसी को लेकर मोहम्मद शमी ने अपनी चुप्पी तोड़ी है और काफी कुछ कहा है।

मैं हमेशा सच्चे प्रशंसकों का सम्मान करता हूं, वहीं गलत बोलने वालों की परवाह नहीं करता हूं- शमी

इंडियन एक्सप्रेस के हवाले से शमी ने कहा कि, “इस तरह की सोच का कोई इलाज नहीं हैं। धर्म के नाम पर ट्रोल करने वाले न तो असली प्रशंसक हैं और न ही असली भारतीय। यदि आप किसी खिलाड़ी को हीरो मानते हैं और फिर इस तरह का व्‍यवहार करते हैं तो आप भारतीय समर्थक नहीं हैं। शमी ने कहा कि मुझे लगता है कि ऐसे लोगों के कमेंट से किसी को आहत नहीं होना चाहिए।

शमी ने कहा कि, मेरे दिमाग में एक ही बात चल रही थी। यदि मैं किसी को अपना आदर्श मानता हूं तो मैं उस व्‍यक्ति के बारे में कभी भी बुरा नहीं बोलूंगा और अगर कोई मुझे आहत करने वाली बात कह रहा है तो वो मेरा और भारतीय टीम का समर्थन नहीं हो सकता। इसीलिए मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता कि वो क्‍या कह रहा है।”

शमी ने आगे कहा कि, “लोगों की यह मानसिकता, उनके निम्‍न स्‍तर की शिक्षा को दिखाता है। उन्‍होंने कहा कि अनजान सोशल मीडिया प्रोफाइल वाले लोग या फिर कुछ फॉलोअर्स वाले किसी पर उंगली उठाते हैं तो उनके पास खोने के लिए कुछ नहीं होता, लेकिन अगर हम उन्‍हें एक रोल मॉडल, एक सेलिब्रिटी, भारतीय क्रिकेटर के रूप में प्रतिक्रिया देते हैं तो हम उन्हें अनुचित अहमियत दे देते हैं। हमें उनके साथ जुड़ने की जरूरत नहीं हैं।”

उन्होंने आगे ये भी कहा कि, “बेशक, अगर रन जाते हैं तो मुझे भी अंदर से बुरा लगता है। मैं सच्चे प्रशंसकों और टीम के साथियों में उस भावना का सम्मान करता हूं। क्योंकि मुझे भी बुरा लगता है। जिस तरह मैं निराश हूं, मैं समझ सकता हूं कि सच्चे प्रशंसक भी निराश होते हैं। मैं हमेशा सच्चे प्रशंसकों का सम्मान करता हूं। वहीं गलत बोलने वालों की परवाह नहीं करता हूं।”

close whatsapp