मोर्ने मोर्केल बने भारत के नए गेंदबाजी कोच, बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज के दौरान संभालेंगे जिम्मेदारी
मोर्ने मोर्केल का कार्यकाल 1 सितंबर से शुरू होगा।
अद्यतन - अगस्त 14, 2024 9:01 अपराह्न

दक्षिण अफ्रीका के बेहतरीन पूर्व तेज गेंदबाज मोर्ने मोर्केल को भारतीय टीम का नया गेंदबाजी कोच नियुक्त किया गया है। बता दें, भारत के हेड कोच गौतम गंभीर, मोर्ने मोर्केल को टीम का नया गेंदबाजी कोच नियुक्त करना चाहते थे। अब मोर्केल को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाते हुए देखा जाएगा।
Cricbuzz की रिपोर्ट के मुताबिक, मोर्ने मोर्केल को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। मोर्ने मोर्केल बांग्लादेश के खिलाफ 19 सितंबर से खेली जाने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज के साथ अपना कार्यकाल शुरू करेंगे। वे श्रीलंका के दौरे पर जाने वाले थे, लेकिन एक टी20 लीग में व्यस्त रहने की वजह से वह श्रीलंका के दौरे के लिए उपलब्ध नहीं थे। ऐसे में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने साईराज बहुतुले को अस्थायी तौर पर श्रीलंका भेजा था।
1 सितंबर से अपना कार्यभार संभालेंगे मोर्ने मोर्केल
मोर्ने मोर्केल का कार्यकाल 1 सितंबर से शुरू होगा। बता दें, गौतम गंभीर और मोर्ने मोर्केल साथ में इंडियन प्रीमियर लीग में लखनऊ सुपर जायंट्स के कोचिंग स्टाफ में भी काम कर चुके हैं। इन दोनों की जोड़ी में लखनऊ सुपर जायंट्स का प्रदर्शन 2022 और 2023 सीजन में काफी अच्छा रहा था। इसके अलावा मोर्केल ने नवंबर 2023 तक पाकिस्तान क्रिकेट टीम के गेंदबाजी कोच के रूप में भी काम किया है।
बता दें कि मोर्ने मोर्केल ने 2006 से 2018 के बीच अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेला। उन्होंने 2006 में टेस्ट मैच में डेब्यू किया और दक्षिण अफ्रीकी टीम के लिए 86 टेस्ट खेलें। मार्च 2018 में वह दक्षिण अफ़्रीका के लिए 300 टेस्ट विकेट लेने वाले पांचवें गेंदबाज बने। इसके अलावा 2007 में उन्होंने वनडे और टी-20 प्रारूपों में डेब्यू किया। उन्होंने कुल 117 वनडे और 44 टी20 मुकाबलों में हिस्सा लिया।
बात करें भारतीय टीम की तो वह बांग्लादेश के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज में जबरदस्त प्रदर्शन करना चाहेगी। इससे पहले भारत ने श्रीलंका के खिलाफ तीन मैचों की टी20 और वनडे सीरीज खेली थी, जहां टी-20 सीरीज में टीम इंडिया ने श्रीलंका का 3-0 से सफाया किया, लेकिन वनडे सीरीज में उन्हें 0-2 से हार का सामना करना पड़ा था।