IPL 2025: इंपैक्ट प्लेयर नियम की वजह से मुझे भी काफी मदद मिली है: महेंद्र सिंह धोनी । CricTracker Hindi

IPL 2025: इंपैक्ट प्लेयर नियम की वजह से मुझे भी काफी मदद मिली है- महेंद्र सिंह धोनी

महेंद्र सिंह धोनी ने इंडियन प्रीमियर लीग 2025 में इंपैक्ट खिलाड़ी नियम को जमकर सपोर्ट किया है।

MS Dhoni (Photo Source: Getty Images)
MS Dhoni (Photo Source: Getty Images)

भारत के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने आईपीएल 2025 में इंपैक्ट खिलाड़ी नियम को जमकर सपोर्ट किया है। बता दें कि,‌ महेंद्र सिंह धोनी आईपीएल 2025 में चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से भाग ले रहे हैं। धोनी की कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स ने पांच बार इस महत्वपूर्ण टूर्नामेंट की ट्रॉफी को अपने नाम किया है।

इंपैक्ट खिलाड़ी नियम की बात की जाए तो यह पहली बार आईपीएल 2023 में लागू किया गया था। 2024 सीजन में इस नियम का बेहतरीन तरीके से उपयोग किया गया और टीमों ने 41 बार 200 से ज्यादा रन बनाए। तमाम लोगों ने इस नियम की जमकर आलोचना की हालांकि, महेंद्र सिंह धोनी ने इसको लेकर बड़ा बयान दिया है। यही नहीं दिग्गज खिलाड़ी ने यह भी कहा कि हाई स्कोरिंग गेम इसलिए हो रहे हैं, क्योंकि परिस्थिति भी अब पहले से बेहतर हो गई है और खिलाड़ी भी अब और खुलकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।

इस नियम से मुझे भी मदद मिली- एमएस धोनी

महेंद्र सिंह धोनी ने जिओस्टार पर कहा कि, ‘जब यह नियम लागू हुआ था तब मुझे भी ऐसा लगता था कि इसकी उस समय कोई जरूरत नहीं है। हालांकि, इस नियम की वजह से मुझे भी काफी मदद मिली। मैं अभी भी विकेटकीपिंग करता हूं और इसी वजह से मैं इंपैक्ट खिलाड़ी नहीं हूं। कई लोगों का मानना है कि इस नियम की वजह से हाई स्कोरिंग मैच ज्यादा हो रहे हैं। मेरा मानना है कि परिस्थिति की हिसाब से और खिलाड़ियों के खुलकर खेलने की वजह से ऐसा हो रहा है।

टीम के पास एक अतिरिक्त बल्लेबाज भी होता है और उनकी मानसिकता भी आक्रामक खेलने की होती है। यह बहुत ही अच्छी बात है।’

CSK ने आईपीएल 2025 के अपने पहले मैच में जीत दर्ज की

आईपीएल 2025 के अपने पहले मैच में मुंबई इंडियंस को चेन्नई सुपर किंग्स ने चार विकेट रहते हराया। इस मैच में भले ही धोनी को ज्यादा बल्लेबाजी ना मिली हो, लेकिन उन्होंने विकेटकीपिंग से बेहतरीन प्रदर्शन किया और मुंबई इंडियंस के कप्तान सूर्यकुमार यादव को स्टंप किया। चेन्नई को सीजन का अपना अगला मैच रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ 28 मार्च को चेन्नई में खेलना है।

close whatsapp