रुतुराज गायकवाड़ हुए आईपीएल 2025 से बाहर, एमएस धोनी करेंगे कप्तानी | CricTracker Hindi

CSK फैंस के लिए आई गुड न्यूज के साथ बैड न्यूज, धोनी और गायकवाड़ से जुड़ी ये बड़ी खबर पढ़ें

IPL 2025 में चेन्नई सुपर किंग्स का प्रदर्शन रहा है बेहद निराशाजनक

MS Dhoni and Ruturaj Gaikwad (Pic Source-X)
MS Dhoni and Ruturaj Gaikwad (Pic Source-X)

चेन्नई सुपर किंग्स को आईपीएल 2025 के बीच में एक बड़ा झटका लगा है। कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ पूरे सीजन से बाहर हो गए हैं। गायकवाड़ कोहनी की चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हुए हैं। उनकी जगह चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी एक बार फिर एमएस धोनी करते हुए नजर आएंगे। ऐसा दूसरी बार हुआ है, जब बीच सीजन में धोनी को सीएसके की कमान संभालनी पड़ी है।

एमएस धोनी करेंगे फिर से कप्तानी

आपको बता दें कि इससे पहले आईपीएल 2022 में रविंद्र जडेजा की जगह धोनी ने टीम की जिम्मेदारी ली थी। चेन्नई सुपर किंग्स के कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने गुरुवार को इस खबर की पुष्टि की। कोच फ्लेमिंग ने गुरुवार को मीडिया को बताया, ऋतुराज गायकवाड़ कोहनी के फ्रेक्चर के कारण आईपीएल से बाहर हैं। एमएस धोनी कप्तान होंगे।” गायकवाड़ को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच में जोफ्रा आर्चर की गेंद पर चोट लगी थी।

चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान रुतुराज गायकवाड़ कोहनी के फ्रैक्चर के कारण इंडियन प्रीमियर लीग से बाहर हुए हैं। बतौर कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ का प्रदर्शन उतना अच्छा नहीं रहा है। पिछले सीजन भी उनकी कप्तानी में टीम पॉइंट्स टेबल में पांचवें स्थान पर रही थी और प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई करने से चूक गई थी। इस बार भी टीम पांच मैचों में अब तक सिर्फ एक मुकाबला जीत पाई है और पॉइंट्स टेबल में नौवें स्थान पर है।

आपको बता दें कि चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान एमएस धोनी ने टीम को पांच आईपीएल खिताब (2010, 2011, 2018, 2021 और 2023) जिताए हैं और वो टूर्नामेंट के इतिहास के सबसे सफल कप्तानों में से एक हैं। धोनी पिछले कुछ साल से घुटने की चोट से जूझ रहे हैं। लेकिन फिर भी टीम से जुड़े हैं।

हाल ही में उनके माता-पिता और उनकी पत्नी एक साथ आईपीएल मैच देखने आए थे, जिससे धोनी के संन्यास की अटकलें तेज हो गई थी। लेकिन अब ये साफ हो गया है कि वो अब पूरे सीजन में खेलते हुए नजर आएंगे। अब चेन्नई की टीम उनकी कप्तानी में अपने प्रदर्शन में सुधार करना चाहेगी।

close whatsapp