द हंड्रेड 2022 में हिस्सा नहीं ले पाएंगे नसीम शाह; पढ़िए पूरी खबर
नसीम शाह ने साल 2019 में पाकिस्तान के लिए डेब्यू किया था।
अद्यतन - Aug 5, 2022 10:07 am

पाकिस्तान के तेज गेंदबाज नसीम शाह ने राष्ट्रीय कर्तव्यों के चलते द हंड्रेड 2022 से अपना नाम वापस ले लिया हैं। 19-वर्षीय तेज गेंदबाज द हंड्रेड 2022 में वेल्श फायर के लिए एक्शन में नजर आने वाले थे, लेकिन नीदरलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए पाकिस्तान टीम में शामिल किए जाने के बाद उन्हें इंग्लैंड के 100-बॉल टूर्नामेंट से पीछे हटना पड़ा। द हंड्रेड 2022 इंग्लैंड में 3 अगस्त से शुरू हो चूका है।
आपको बता दें, नसीम शाह को नीदरलैंड के खिलाफ तीन मैचों के वनडे सीरीज के साथ-साथ आगामी एशिया कप 2022 के लिए पाकिस्तान टीम में शामिल किया गया है। उन्होंने संघर्षरत तेज गेंदबाज हसन अली की जगह ली है, और सीमित ओवरों के क्रिकेट में पाकिस्तान क्रिकेट टीम के लिए डेब्यू करने के लिए तैयार हैं।
टेस्ट क्रिकेट में सफल होने के बावजूद नसीम शाह को अब तक सीमित ओवरों के क्रिकेट में डेब्यू का मौका नहीं मिल पाया है, लेकिन पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम उन्हें एशिया कप 2022 से पहले नीदरलैंड सीरीज के दौरान सफेद गेंद के साथ आजमाना चाहेंगे। बता दें, एशिया कप 2022 UAE में 27 अगस्त से खेला जाना है।
नसीम ने साल 2019 में पाकिस्तान के लिए डेब्यू किया था और अब तक 13 टेस्ट मैच खेल चुके हैं। युवा तेज गेंदबाज ने 13 टेस्ट मैचों में 36.30 के औसत से 33 विकेट लिए हैं। उन्होंने हाल ही में काउंटी क्रिकेट में ग्लॉस्टरशायर का प्रतिनिधित्व किया है। अब उनके लिए नीदरलैंड सीरीज बहुत महत्वपूर्ण होने वाली है।
यहां देखिए नीदरलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए पाकिस्तान की टीम –
बाबर आजम (कप्तान), शादाब खान (उप-कप्तान), अब्दुल्ला शफीक, फखर जमान, हारिस रऊफ, इमाम उल हक, खुशदिल शाह, मोहम्मद हारिस, मोहम्मद नवाज, मोहम्मद रिजवान, मोहम्मद वसीम जूनियर, नसीम शाह, सलमान आगा, शाहीन अफरीदी, शाहनवाज दहानी, जाहिद महमूद।
एशिया कप 2022 के लिए ये रही पाकिस्तान की टीम –
बाबर आजम (कप्तान), शादाब खान (उपकप्तान), फखर जमान, हैदर अली, हारिस रउफ, इफ्तिखार अहमद, खुशदिल शाह, मोहम्मद नवाज, मोहम्मद रिजवान, मोहम्मद वसीम जूनियर, नसीम शाह, शाहीन अफरीदी, शाहनवाज दहानी, उस्मान कादिर।