भारतीय चयनकर्ता के पद के लिए आवेदन करने वाले मुख्य उम्मीदवारों के नाम आए सामने
चेतन शर्मा सहित मौजूदा चयन समिति के सदस्य दोबारा अपने पदों के लिए आवेदन कर सकते हैं।
अद्यतन - Nov 29, 2022 11:13 am

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने हालिया आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2022 से भारत की निराशाजनक निकासी के बाद चेतन शर्मा के नेतृत्व वाली सीनियर पुरुष चयन समिति को बर्खास्त करने का फैसला किया, जिसके लिए बोर्ड ने आवेदन आमंत्रित किए थे।
अब खबर आ रही है कि नयन मोंगिया, मनिंदर सिंह, शिव सुंदर दास और अजय रत्रा ने चयकर्ताओं के पद के लिए आवेदन किया है। हालांकि, नए चयनकर्ताओं की घोषणा तक चेतन शर्मा के नेतृत्व वाली चयन समिति जिसके अन्य सदस्य हरविंदर सिंह, सुनील जोशी और देबाशीष मोहंती है, बनी रहेगी और वे इस समय कथित तौर पर विजय हजारे ट्रॉफी 2022 और कूचबिहार ट्रॉफी में खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर नजरें गड़ाए हुए हैं।
बीसीसीआई साक्षात्कार के लिए एक क्रिकेट सलाहकार समिति नियुक्त कर सकता है
इस बीच, ईएसपीएनक्रिकइन्फो के अनुसार, नयन मोंगिया, मनिंदर सिंह, शिव सुंदर दास, हेमांग बदानी और अजय रत्रा बीसीसीआई की नई सीनियर पुरुष चयन समिति का हिस्सा बनने की दौड़ में शामिल हो गए हैं। ये सभी भारतीय चयनकर्ताओं के पदों के लिए आवेदन करने वाले सबसे उल्लेखनीय नामों में से हैं।
28 नवंबर को भारतीय चयनकर्ताओं के पदों के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि समाप्त हो गई है, और अब बीसीसीआई साक्षात्कार आयोजित करने के लिए एक क्रिकेट सलाहकार समिति नियुक्त कर सकता है, जिसके बाद बोर्ड अपना निर्णय घोषित करेगा। आपको बता दें, नए चयन पैनल का पहला असाइनमेंट 2023 में श्रीलंका के खिलाफ सीमित ओवरों की घरेलू सीरीज के लिए भारतीय क्रिकेट टीम का चयन करना होगा।
इस बीच, शिव सुंदर दास वर्तमान में बल्लेबाजी कोच के रूप में पंजाब क्रिकेट टीम के साथ काम कर रहे हैं, और इससे पहले वह बल्लेबाजी कोच के रूप में राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी और भारतीय महिला टीम के साथ काम कर चुके हैं। जबकि हेमांग बदानी ने अभी तक चयनकर्ता के पद के लिए आवेदन करने की न तो पुष्टि की है और ना ही इनकार नहीं किया है, लेकिन वह इस पद के लिए एक मजबूत उम्मीदवार हैं। बदानी इस समय आईपीएल फ्रेंचाइजी सनराइजर्स हैदराबाद के कोचिंग सेट-अप का हिस्सा हैं और तमिलनाडु प्रीमियर लीग में मुख्य कोच के रूप में काम कर चुके हैं।
वर्तमान मौजूदा चयन समिति के सदस्य दोबारा आवेदन कर सकते हैं
वहीं दूसरी ओर, नयन मोंगिया भारतीय चयनकर्ता के पद के लिए सबसे सीनियर उम्मीदवार होंगे, जिन्होंने भारत के लिए 44 टेस्ट और 140 वनडे मैच खेले हैं। वह सीनियर और जूनियर दोनों स्तरों पर बड़ौदा टीम के चयन समिति का हिस्सा हैं। हालांकि, चेतन शर्मा सहित मौजूदा चयन समिति के तीन सदस्य दोबारा इन पदों के लिए आवेदन कर सकते हैं। लेकिन कहा जा रहा है कि सुनील जोशी ने चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया है, जबकि चेतन शर्मा और हरविंदर सिंह ने फिर से आवेदन करने पर अपनी स्थिति का खुलासा नहीं किया है।