कोमा में जिंदगी और मौत से जंग लड़ रहे हैं नीदरलैंड टीम के हेड कोच - क्रिकट्रैकर हिंदी

कोमा में जिंदगी और मौत से जंग लड़ रहे हैं नीदरलैंड टीम के हेड कोच

रेयान कैम्पबेल को दिल का दौरा पड़ने के बाद लंदन के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Ryan Campbell
Ryan Campbell. (Photo Source: Getty Images)

नीदरलैंड के कोच रेयान कैंपबेल हार्ट अटैक के बाद कोमा में चले गए हैं। शनिवार को वो अपनी फैमिली के साथ बाहर थे और इसी दौरान उनके सीने में दर्द हुआ। जिसके बाद उन्हें यूके के एक हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया। यह खबर सबसे पहले तब सामने आई जब ऑस्ट्रेलियाई पत्रकार और कैंपबेल के करीबी गैरेथ पार्कर ने इस मामले को लेकर ट्वीट किया।

कैंपबेल 2017 से नीदरलैंड टीम के कोच हैं। वह नीदरलैंड के न्यूजीलैंड दौरे के बाद यूरोप लौट रहे थे। इस दौरान उन्होंने पर्थ में अपनी फैमिली और करीबी दोस्त पारकर से भी मुलाकात की। उन्होंने अपने करियर में ऑस्ट्रेलिया और हांगकांग दोनों के लिए खेला था।  2002 में एडम गिलक्रिस्ट की जगह उन्हें ऑस्ट्रेलिया के लिए दो वनडे मैच खेलने का मौका मिला था। वहीं हांगकांग के लिए उन्होंने 2016 के टी20 वर्ल्ड कप में हिस्सा लिया था।

वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया की सीईओ क्रिस्टियाना मैथ्यूज ने रेयान कैंपबेल को लेकर दिया बड़ा बयान

इस बीच ऑस्ट्रेलिया की सीईओ क्रिस्टियाना मैथ्यूज ने एक बयान जारी करते हुए कहा है कि, “रेयान कैंपबेल के हार्ट अटैक की खबर सुनकर वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट शॉक में है। वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया के क्रिकेट स्टाफ, प्लेयर्स और सभी क्रिकेट कम्यूनिटी की तरफ से हमारी प्रार्थनाएं रेयान, उनकी फैमिली और उनकी कप्तानी के साथ हैं। हम उम्मीद करते हैं कि वो जल्द से जल्द ठीक हो जाएंगे।”

आपको बता दें कि रेयान कैंपबेल ने 44 साल 30 दिन की उम्र में इंटरनेशनल टी-20 क्रिकेट में डेब्‍यू किया था और वह क्रिकेट के इस फॉर्मेट में डेब्‍यू करने वाले सबसे उम्रदाराज खिलाड़ी बने थे। हालांकि उन्‍हें अपने करियर में काफी कम अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने के मौके मिले। 2 वनडे में उन्‍होंने 54 रन बनाए, जबकि 3 टी20 में 26 रन बनाए।

वहीं कैंपबेल के शानदार प्रथम श्रेणी करियर की बात करें तो, उन्होंने 1994 और 2006 के बीच पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया के लिए 98 मैचों में टीम का प्रतिनिधित्व किया है। उन्होंने 36.31 की औसत से 6009 रन बनाए। उन्होंने इसके साथ ही 105 लिस्ट ए मैच खेले जहां उन्होंने एक शतक के साथ 2286 रन बनाये हैं।

close whatsapp