युजवेंद्र चहल ने तोड़ा सुनील नरेन का बड़ा रिकॉर्ड | CricTracker Hindi

युजवेंद्र चहल ने किया बड़ा कमाल, इस मामले में की सुनील नरेन की बराबरी

कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मैच में युजवेंद्र चहल ने झटके थे 4 विकेट।

Yuzvendra Chahal (Pic Source-X)
Yuzvendra Chahal (Pic Source-X)

आईपीएल 2025 के एक यादगार मुकाबले में पंजाब किंग्स के अनुभवी स्पिनर युजवेंद्र चहल ने इतिहास रच दिया. कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मुल्लांपुर में खेले गए इस मुकाबले में चहल ने 4 ओवर में 28 रन देकर 4 अहम विकेट चटकाए और आईपीएल में सबसे ज्यादा चार या उससे अधिक विकेट लेने के मामले में सुनील नरेन (Sunil Narine) की बराबरी कर ली।

दोनों प्लेयर्स के नाम अब आठ-आठ बार चार विकेट लेने का रिकॉर्ड है, जो लीग के इतिहास में सबसे ज्यादा है। चहल की इस घातक गेंदबाजी के सामने कोलकाता के बल्लेबाज नहीं टिक पाए। 112 रन जैसे मामूली लक्ष्य का पीछा कर रही केकेआर की टीम का स्कोर एक वक्त 2 विकेट के नुकसान पर 62 रन था लेकिन यहां से पूरी टीम 95 रन पर ऑलआउट हो गई।

युजवेंद्र चहल ने इस मामले में की सुनील नरेन की बराबरी

चहल आईपीएल इतिहास के एक मुकाबले में सर्वाधिक बार चार या चार से अधिक विकेट चटकाने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। इसके अलावा दुनिया के अन्य क्रिकेटरों के मामले में वह संयुक्त रूप से पहले गेंदबाज बन गए हैं. खास मामले में उन्होंने किसी और की नहीं बल्कि वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के करामाती स्पिनर सुनील नरेन की बराबरी की है।

36 वर्षीय नरेन ने आईपीएल में आठ बार एक मुकाबले में चार या चार बार से अधिक विकेट चटकाने का कारनामा किया है. वहीं कल (15 अप्रैल 2025) के मुकाबले के बाद चहल के नाम भी आईपीएल के एक मुकाबले में आठ बार चार या चार से अधिक विकेट चटकाने का कारनामा हो गया है।

अजिंक्य रहाणे, अंगकृष रघुवंशी, रिंकू सिंह और रामंदीप सिंह के विकेट लेकर चहल ने पूरी तरह से मैच का रुख बदल दिया। खास बात यह रही कि यह केकेआर के खिलाफ उनका तीसरा 4 विकेट हॉल था, जो किसी भी गेंदबाज द्वारा किसी एक टीम के खिलाफ सर्वाधिक है।

आईपीएल में केकेआर के खिलाफ चहल ने अब तक कुल 33 विकेट चटकाए हैं, जो किसी एक टीम के खिलाफ तीसरा सबसे अधिक विकेट है। इस सीजन में उन्होंने 6 मैचों में 32.50 की औसत और 10.26 की इकॉनमी से छह विकेट लिए हैं।

close whatsapp