न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच में पाकिस्तान का खराब प्रदर्शन | CricTracker Hindi

नहीं बदल रही है पाकिस्तान की किस्मत, न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टी-20 में मिली शर्मनाक हार

पिछले कुछ समय से पाकिस्तान की टीम कर रही है बेहद खराब प्रदर्शन।

PAK vs NZ
PAK vs NZ(Photo by Stu Forster-ICC/ICC via Getty Images)

पाकिस्तान की टीम चैंपियंस ट्रॉफी 2025 से एक भी मैच जीते बिना ही बाहर हो गई थी। इस टूर्नामेंट को टीम इंडिया ने अपने नाम किया। टूर्नामेंट में टीम के खराब प्रदर्शन को देखने के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने टीम में कुछ बदलाव किए। यहां तक कि टी20 फॉर्मेट से बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान को बाहर कर दिया गया।

न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के लिए कप्तानी की जिम्मेदारी सलमान अली आगा को सौंप दी गई, लेकिन फिर भी टीम की किस्मत नहीं बदली। पाकिस्तान टीम की हालत अभी भी वैसी ही है, जैसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में थी। पाकिस्तान को चैंपियंस ट्रॉफी के बाद पहले ही मैच में हार मिली है। न्यूजीलैंड और पाकिस्तान के बीच पांच मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज का पहला मुकाबला क्राइस्टचर्च में खेला गया।

न्यूजीलैंड ने एकतरफा अंदाज में पाकिस्तान को रौंदा

इस मुकाबले में पाकिस्तान की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 100 रन भी नहीं बना पाई। न्यूजीलैंड ने 11वें ओवर में ही 92 रनों के लक्ष्य को एक विकेट खोकर हासिल कर लिया। पाकिस्तान की टीम टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट के अपने तीसरे सबसे कम स्कोर पर ऑलआउट हुई। पाकिस्तान की टीम 91 रन पर ऑलआउट हो गई थी। न्यूजीलैंड ने महज 1 विकेट खोकर 10.1 ओवर में इस लक्ष्य को हासिल किया।

न्यूजीलैंड के लिए काइल जैमीसन ने शानदार गेंदबाजी की। इस लंबे कद के गेंदबाज ने 4 ओवर में एक मेडन सहित, सिर्फ 8 रन खर्च किए और तीन बल्लेबाजों को आउट किया। इस परफॉर्मेंस के लिए उनको प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। हालांकि, जैकब डफी ने भी 4 विकेट निकाले, लेकिन उन्होंने पुछल्ले बल्लेबाजों को आउट किया।

बल्लेबाजी में कीवी टीम के लिए टिम सीफर्ट ने 29 गेंदों में 44 रनों की पारी खेली, जबकि फिन एलेन ने 17 गेंदों में 29 रन बनाए। एक विकेट पाकिस्तान के लिए अबरार अहमद को मिला। इस मैच में पाकिस्तान के तीन खिलाड़ियों ने डेब्यू किया था। लेकिन कोई भी खिलाड़ी टीम का किस्मत नहीं बदल सका।

close whatsapp