निकोलस पूरन ने भारत के खिलाफ तीसरे वनडे में वेस्टइंडीज की हार का ठीकरा बल्लेबाजों के सिर फोड़ा
निकोलस पूरन ने उम्मीद जताई कि वेस्टइंडीज T20I सीरीज में दर्शकों का मनोरंजन कर पाएंगे।
अद्यतन - जुलाई 28, 2022 6:49 अपराह्न

वेस्टइंडीज के कप्तान निकोलस पूरन ने कहा कि उनके लिए भारत के खिलाफ तीसरे और अंतिम वनडे मैच में मेजबान टीम की 119 रनों की हार को पचा पाना मुश्किल है, लेकिन उन्होंने जोर देकर कहा कि उनकी टीम ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की कोशिश की। 27 जुलाई को टीम इंडिया के खिलाफ इस विशाल शिकस्त के साथ वेस्टइंडीज को एक और वनडे सीरीज में 3-0 से हार का सामना करना पड़ा।
बारिश से बाधित तीसरा और अंतिम वनडे मैच जीतने के लिए वेस्टइंडीज को 35 ओवर में 257 रनों के संशोधित लक्ष्य को हासिल करना था, लेकिन भारतीय गेंदबाज युजवेंद्र चहल (4/17), मोहम्मद सिराज (2/14) और शार्दुल ठाकुर (2/17) ने शानदार गेंदबाजी करते हुए मेजबान टीम को 137 रनों पर समेट दिया। इस तरत भारतीय क्रिकेट टीम ने DRS के माध्यम से यह मैच 119 रनों से अपने नाम करने के साथ 3-0 से सीरीज भी जीत ली।
अंतिम वनडे में वेस्टइंडीज की हार से आहत है निकोलस पूरन
आपको बता दें, कप्तान निकोलस पूरन (42), ब्रेंडन किंग (42), और शाई होप (22) ही केवल भारतीय आक्रमण का सामना करने में सफल रहे, जबकि बाकी बल्लेबाजी ने कुल मिलकर केवल 25 रन बनाए। अगर वेस्टइंडीज की गेंदबाजी की बात करें, तो हेडन वॉल्श जूनियर ने भारत के खिलाफ दो विकेट झटके।
निकोलस पूरन ने पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन के दौरान कहा: “यह हमारे लिए बहुत कठिन हार थी। हमने पहले दो मैचों में काफी सारी चीजें सही की। मुझे लगता है कि हमने अपनी तरफ से पूरी कोशिश की, और हमारे खिलाड़ियों ने अच्छा प्रदर्शन किया। अगर बल्लेबाजी की बात करे, तो DRS ने चेज हमारे लिए मुश्किल कर दिया था, लेकिन हमारे बल्लेबाज इस चुनौती में बुरी तरह विफल रहे। हम इस मैच में ज्यादा साझेदारियां नहीं कर पाए, और हमें इसकी कीमत हार के साथ चुकानी पड़ी।
हालांकि, इस सीरीज में हमारे लिए कई सारी चीजें सकारात्मक रही, जैसे हमारी बल्लेबाजी, हम पहले दोनों मैचों में 50 ओवर खेलने में कामयाब रहे। हमारे गेंदबाजों ने भी अच्छा प्रदर्शन किया, वे हर एक मैच के साथ बेहतर होते जा रहे है। हमारे पास इस समय काफी अनुभवहीन खिलाड़ी हैं, और मैं कहूंगा हम अभी भी यह पता लगा रहे हैं कि वनडे क्रिकेट कैसे खेला जाना चाहिए। मैं अपनी T20I टीम और 29 जुलाई को होने वाले पहले मैच को लेकर बहुत उत्साहित हूं। मुझे उम्मीद है कि हम फैंस का मनोरंजन कर पाएंगे।”