एनरिक नॉर्टजे ने उमरान मलिक के साथ प्रतिस्पर्धा से किया इनकार - क्रिकट्रैकर हिंदी

एनरिक नॉर्टजे ने उमरान मलिक के साथ प्रतिस्पर्धा से किया इनकार

उमरान मलिक दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ चौथे T20I मैच में भारत के लिए डेब्यू कर सकते हैं।

Anrich Nortje and Umran Malik (Photo Source: Twitter)
Anrich Nortje and Umran Malik (Photo Source: Twitter)

भारत के एक्सप्रेस तेज गेंदबाज उमरान मलिक अभी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपना कदम रखने को ही हैं कि कुछ गेंदबाज उनके उदय से डरे हुए नजर आ रहे है। हाल ही में, भारतीय तेज गेंदबाज हर्षल पटेल ने कहा कि उमरान मलिक की तूफानी गेंदबाजी उनके लिए खतरा हो सकती है, क्योंकि अगर जम्मू और कश्मीर के इस गेंदबाज को टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन में जगह मिली, तो फिर किसी न किसी तेज गेंदबाज का पत्ता कट है।

अब दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज एनरिक नॉर्टजे ने दुनिया के सबसे तेज गेंदबाजों में से एक होने के अपने तबगे पर आंच आने की संभावनाओं पर बात की है। आपको बता दें, दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम और भारतीय क्रिकेट टीम इस समय पांच मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में आमने-सामने है।  इस सीरीज का चौथा T20I मैच 17 जून को राजकोट में खेला जाना है, जहां उमरान मालिक डेब्यू कर सकते हैं।

मेरे और उमरान मलिक के बीच कोई मुकाबला नहीं चल रहा है: एनरिक नॉर्टजे

इस बीच, दक्षिण अफ्रीकी तेज गेंदबाज ने कहा कि उन्हें इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता कि उनमें से सबसे तेज गेंदबाज कौन है, जब उनसे पूछा गया कि चौथे टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच में सबसे तेज गेंद कौन फेंकेगा, अगर उमरान मालिक ने राजकोट में डेब्यू किया। उमरान अब तक 157 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी कर चुके है।

एनरिक नॉर्टजे ने प्री-मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा: “मैं इस बात से बिल्कुल भी परेशान नहीं हूं कि मेरे और उमरान के बीच इस समय सबसे तेज गेंदबाज कौन है। सच कहूं तो मुझे इस बात की परवाह नहीं है कि सबसे तेज गेंदबाज कौन है, और कौन किस गति से गेंदबाजी कर रहा है, बल्कि मेरे लिए टीम की सफलता में योगदान देना ज्यादा मायने रखता है। जब मैं अभ्यास कर रहा होता हूं, तो मैं निश्चित रूप से अपनी गति बढ़ाने के बारे में सोचता हूं, और मैं कोशिश करता रहूंगा, लेकिन जब मैं मैदान पर होता हूं तो गति के बारे में बिल्कुल नहीं सोचता।”

उन्होंने आगे कहा: “उमरान मलिक बहुत अच्छे और बहुत तेज गेंदबाज हैं। आईपीएल में उन्होंने हम सभी को दिखाया है कि वह गेंद के साथ क्या कर सकते हैं। मुझे लगता है कि अगर वह और भी तेज गेंदबाजी करता है, तो यह शानदार चीज होगी, और अगर मैं ऐसा कर पाऊं, तो यह मेरे लिए बहुत अच्छा है। मुझे नहीं लगता कि हम इस समय उस स्तर पर हैं, जहां हम सबसे तेज गेंद फेंकने के लिए एक-दूसरे से प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं। मुझे लगता है यह केवल मैच जीतने और अपनी टीम की सफलता में योगदान देने की कोशिश करने के बारे में है।”

close whatsapp