हसन अली और नसीम शाह ने न्यूजीलैंड सीरीज के लिए पाकिस्तान के टेस्ट स्क्वॉड में की वापसी - क्रिकट्रैकर हिंदी

हसन अली और नसीम शाह ने न्यूजीलैंड सीरीज के लिए पाकिस्तान के टेस्ट स्क्वॉड में की वापसी

पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच पहला टेस्ट 26 दिसंबर से कराची में खेला जाएगा, जबकि दूसरा और अंतिम टेस्ट मुल्तान में 3 जनवरी से खेला जाएगा।

Pakistan Cricket Team (Pic Source-Twitter)
Pakistan Cricket Team (Pic Source-Twitter)

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने 21 दिसंबर को न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए 16-सदस्यीय टीम की घोषणा की। 26 दिसंबर से न्यूजीलैंड के खिलाफ कराची में शुरू हो रही टेस्ट सीरीज के लिए अनुभवी तेज गेंदबाज हसन अली ने पाकिस्तान की टेस्ट टीम में वापसी की है, जबकि अनकैप्ड बल्लेबाज कामरान गुलाम को हाल ही में रिटायर हुए अजहर अली की जगह टीम में शामिल किया गया है।

हसन अली, जिनके नाम टेस्ट क्रिकेट में 24.57 के औसत से 21 मैचों में 77 विकेट है, इंग्लैंड के खिलाफ हालिया तीन मैचों की घरेलू टेस्ट सीरीज का हिस्सा नहीं थे। हालांकि, इस घरेलू टेस्ट सीरीज में पाकिस्तान क्रिकेट टीम के बेहद निराशाजनक प्रदर्शन के बाद हसन को न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज के लिए टीम में वापस बुलाया गया है। उन्होंने पाकिस्तान के टेस्ट स्क्वॉड में मोहम्मद अली की जगह ली है, जबकि फहीम अशरफ घरेलू क्रिकेट में लौट रहे हैं।

इस बीच, युवा तेज गेंदबाज नसीम शाह कंधे की चोट से उबर गए हैं, और उन्हें न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी घरेलू टेस्ट सीरीज के लिए घोषित पाकिस्तान के स्क्वॉड में शामिल किया गया है। हालांकि, इंग्लैंड के खिलाफ रावलपिंडी टेस्ट के दौरान चोटिल हुए हरिस रउफ अपनी चोट से उबरने में नाकाम रहे, नतीजन वह इस सीरीज से भी चूकेंगे। आपको बता दें, नसीम शाह और हरिस रउफ दोनों इंग्लैंड के खिलाफ केवल एक टेस्ट मैच में हिस्सा ले पाए थे।

अगर बल्लेबाजी विभाग की बात करे, तो पाकिस्तान के टेस्ट स्क्वॉड में अनकैप्ड बल्लेबाजी ऑलराउंडर कामरान गुलाम ही एक नया चेहरा है, जिन्हे न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में डेब्यू का मौका दिया जा सकता है। आपको बता दें, गुलाम ने 44 प्रथम श्रेणी मैचों में 47.36 के औसत से 3268 रन बनाए हैं।

यहां देखिए न्यूजीलैंड के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए पाकिस्तान का स्क्वॉड –

बाबर आजम (कप्तान), अब्दुल्ला शफीक, अबरार अहमद, हसन अली, इमाम-उल-हक, कामरान गुलाम, मोहम्मद नवाज, मोहम्मद रिजवान, मोहम्मद वसीम जूनियर, नसीम शाह, नोमान अली, सरफराज अहमद, सलमान अली आगा, सऊद शकील, शान मसूद और जाहिद महमूद।

close whatsapp