ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 3 मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले पाकिस्तानी टीम को लग गया बड़ा झटका
फहीम अशरफ के बाहर होने के बाद PCB ने अभी तक उनकी जगह पर किसी खिलाड़ी के नाम का एलान नहीं किया है।
CricTracker जूनियर स्टाफ लेखिका
अद्यतन - Feb 28, 2022 6:47 pm

पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के बीच में शुरू 4 मार्च से शुरू होने जा 3 मैचों की टेस्ट सीरीज का इंतजार विश्व भर के क्रिकेट फैंस काफी बेसब्री के साथ कर रहे हैं। दरअसल साल 1998 के बाद पहली बार ऑस्ट्रेलियाई टीम अब पाकिस्तान का दौरा करने जा रही है, जिसके चलते पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) किसी तरह की कोई कमी नहीं छोड़ना चाहता है और इस सीरीज के सफल आयोजन के जरिए वह विश्व भर की अन्य टीमों को भी एक संदेश देने का काम करेगा।
टेस्ट सीरीज को लेकर पाकिस्तानी टीम का एलान पहले ही किया जा चुका है, लेकिन अब टीम को एक बड़ा झटका उस समय लगा जब हरफनमौला खिलाड़ी फहीम अशरफ अनफिट होने की वजह से टेस्ट सीरीज से बाहर हो गए हैं। मोहम्मद नवाज के बाद फहीम अशरफ दूसरे ऐसे खिलाड़ी बन गए हैं, जो बाहर हुए हैं।
दोनों ही टीमों के बीच में 4 मार्च से पहला टेस्ट मैच खेला जाएगा जिसको लेकर पैट कमिंस की कप्तानी में ऑस्ट्रेलियाई टेस्ट टीम वहां पर पहुंच गई है। क्रिकेट पाकिस्तान की एक रिपोर्ट के अनुसार फहीम अशरफ ग्रोइन इंजरी के चलते इस ऐतिहासिक टेस्ट सीरीज का हिस्सा नहीं बन पायेंगे। वहीं PCB जल्द ही उनकी जगह पर रिप्लेसमेंट का एलान कर देगी।
नसीम शाह को मिल सकता है मौका
पाक तेज गेंदबाज नसीम शाह को फहीम अशरफ की जगह पर टीम में शामिल किया जा सकता है। जिसमें इस युवा तेज गेंदबाज को पहले ही रिजर्व खिलाड़ियों की लिस्ट में रखा गया था। PCB की चयन समिति इस पर 28 फरवरी को कोई आधिकारिक फैसला ले सकती है।
वहीं दूसरी तरफ पाकिस्तानी मूल के खिलाड़ी फवाद अहमद को क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने टेस्ट सीरीज के पहले अभ्यास के लिए एक नेट गेंदबाज के तौर पर शामिल किया है। 40 वर्षीय फवाद को हाल में पाकिस्तान सुपर लीग में लाहौर कलंदर्स की टीम में राशिद खान के रिप्लेसमेंट के तौर पर शामिल किया गया था। दरअसल फवाद अहमद को पाकिस्तान में खेलने का अनुभव हासिल है, जिससे ऑस्ट्रेलियाई टीम को टेस्ट सीरीज की तैयारियों को लेकर लाभ मिल सकता है।