क्या पाकिस्तान-ऑस्ट्रेलिया सीरीज हो सकती है राजनीतिक तनाव का शिकार? पढ़िए पूरी खबर
ऑस्ट्रेलिया के ऐतिहासिक पाकिस्तान दौरे को लेकर एक बार फिर उथल-पुथल मची।
अद्यतन - मार्च 19, 2022 11:56 पूर्वाह्न

ऑस्ट्रेलिया के ऐतिहासिक पाकिस्तान दौरे को लेकर एक बार फिर उथल-पुथल मची। 24 सालों बाद पाकिस्तान की यात्रा कर रही ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम को आते ही पेशावर में बम धमाके की घटना से डर का सामना करना पड़ा। जिसके बाद रावलपिंडी और कराची की पिचों पर खेले गए तीन मैचों की टेस्ट सीरीज के दोनों टेस्ट मैच ड्रॉ रहे, जिसके कारण पाकिस्तान को भारी आलोचना का सामना करना पड़ा।
अब खबरे आ रही हैं कि पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के बीच जारी ऐतिहासिक द्विपक्षीय सीरीज इस्लामाबाद में राजनीतिक तनाव का शिकार हो सकती है। आपको बता दें, जारी टेस्ट सीरीज के बाद दोनों टीमें तीन मैचों की वनडे सीरीज और एकल टी-20 अंतर्राष्ट्रीय मैच खेलेंगी, जिसकी मेजबानी रावलपिंडी में की जानी है। लेकिन अब कथित तौर पर कहा जा रहा हैं कि राजनीतिक तनाव के चलते लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में ये सभी सीमित ओवरों के मैच आयोजित किए जाएंगे।
खबरों के अनुसार, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर वोट के लिए संसद का सत्र जल्द से जल्द आयोजित किया जाएगा। जिसके चलते आने वाले दिनों में इस्लामाबाद में सरकार के खिलाफ और साथ ही समर्थन में राजनीतिक रैलियों की मुठभेड़ होने वाली है, जिसके कारण सीमित ओवरों की सीरीज के आयोजन स्थल में परिवर्तन पर मंत्री ने बयान दिया है।
पाकिस्तान-ऑस्ट्रेलिया सीरीज हो सकती है राजनीतिक तनाव का शिकार
पाकिस्तान के गृह मंत्री शेख रशीद अहमद ने संवाददाताओं से कहा, “राजधानी में राजनीतिक गतिविधियों के कारण मैचों को लाहौर स्थानांतरित किया जा रहा है।”
हालांकि, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने अभी इस फैसले को अंतिम रूप नहीं दिया है। दोनों टीमों के बीच तीसरा टेस्ट मुकाबला 21 मार्च से लाहौर में खेला जाएगा। तीन वनडे मैच 29 मार्च, 31 मार्च और 2 अप्रैल को खेले जाने हैं, जबकि ऑस्ट्रेलिया के ऐतिहासिक पाकिस्तान दौरे का समापन 5 अप्रैल को एकल टी-20 अंतर्राष्ट्रीय मैच के साथ होगा।
आपको बता दें, प्रधान मंत्री इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) और विपक्षी पार्टी पाकिस्तान डेमोक्रेटिक मूवमेंट (पीडीएम) ने इस्लामाबाद में सड़कों पर भारी संख्या में लोगों की रैली निकलवाने का फैसला किया है, जो रावलपिंडी के करीब है, जहां ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीमित ओवरों की सीरीज खेली जानी तय है। पीटीआई पार्टी ने प्रधानमंत्री के साथ एकजुटता व्यक्त करने के लिए 27 मार्च को दस लाख लोगों को इस्लामाबाद के डी चौक पर लाने का फैसला किया है।