इंग्लैंड को लगा बड़ा झटका, लियम लिविंगस्टोन पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज से हुए बाहर - क्रिकट्रैकर हिंदी

इंग्लैंड को लगा बड़ा झटका, लियम लिविंगस्टोन पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज से हुए बाहर

पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच सीरीज का पहला टेस्ट मैच रावलपिंडी में खेला जा रहा है।

Liam Livingstone. (Photo Source: Twitter)
Liam Livingstone. (Photo Source: Twitter)

इंग्लैंड के हरफनमौला खिलाड़ी लियम लिविंगस्टोन चोट के कारण आधिकारिक तौर पर पाकिस्तान के खिलाफ जारी तीन मैचों की टेस्ट सीरीज से बाहर हो गए हैं। दरअसल लियम लिविंगस्टोन को रावलपिंडी में खेली जा रही पहले टेस्ट मैच के दौरान घुटने में चोट लगी और इसी वजह से अब वो इस सीरीज के बचे हुए मुकाबले में नहीं खेल पाएंगे।

क्रिकेटर से कमेंटेटर बने नासिर हुसैन ने इस खबर की पुष्टि की। आपको बता दें कि रावलपिंडी टेस्ट मैच के दूसरे दिन फील्डिंग करते समय लिविंगस्टोन के दाहिने घुटने में चोट लगी थी। चोट लगने के बाद वो काफी समय तक मैदान पर फिजियो से बातचीत करते हुए दिखे। इसके बाद फिजियो और मैनेजमेंट की सलाह के बाद उन्होंने मैदान छोड़ दिया।

खबरों की माने तो लिविंगस्टोन कल 6 दिसंबर को वापस इंग्लैंड लौटेंगे, ताकि मेडिकल टीम उनकी चोट की गंभीरता का आंकलन कर सके और समय पर उनकी रिकवरी हो सके। लिविंगस्टोन के बाहर होने के बाद अभी तक इंग्लैंड ने उनके रिप्लेसमेंट की घोषणा नहीं की है और इसको लेकर वो जल्द ही एक आधिकारिक ऐलान करेंगे।

रावलपिंडी टेस्ट मैच का हाल

वहीं अगर इस टेस्ट मैच की बात करें तो अपनी दोनों पारियों में क्रमशः 657 रन और 264 रन बनाने के बाद इंग्लैंड ने पाकिस्तान के सामने चौथी पारी में जीत के लिए 343 रनों का लक्ष्य रखा। इससे पहले पाकिस्तान की टीम भी पहली पारी में 579 बनाने में कामयाब रही थी।

टेस्ट मैच में अभी पांचवें दिन के पहली पारी का खेल जारी है। खबर लिखे जाने तक पाकिस्तान अपनी चौथी पारी में तीन विकेट के नुकसान पर 127 रन बना चुका है और जीत के लिए अभी भी उन्हें 216 रनों की जरूरत है। पांचवें दिन में अभी भी 77 ओवर का खेल बाकी है और अब देखना ये होगा कि, इस मैच का परिणाम क्या निकलता है।

close whatsapp