PAK vs NZ: पाकिस्तान के खिलाफ शतकीय पारी के बाद Tom Latham ने दी बड़ी प्रतिक्रिया, बोले- “योगदान देना अच्छा…”
टॉम लैथम ने पाकिस्तान के खिलाफ 118 रन की नाबाद पारी खेली।
अद्यतन - Feb 19, 2025 11:16 pm

चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का पहला मुकाबला पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच 19 फरवरी को कराची में खेला गया। मिचेल सैंटनर की कप्तानी में न्यूजीलैंड ने 60 रन से शानदार जीत के साथ अपने कैंपेन की शुरुआत कर ली है। मुकाबले में कीवी टीम ने पहले बैटिंग करते हुए 5 विकेट खोकर 320 रन बनाए थे।
पाकिस्तान की टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए 47.2 ओवरों में 260 के स्कोर पर ऑलआउट हो गई। न्यूजीलैंड के विकेटकीपर बल्लेबाज टॉम लैथम ने शतकीय पारी खेल प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब अपने नाम किया।
टॉम लैथम ने खेली 118 रन की नाबाद पारी
पाकिस्तान के खिलाफ टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए न्यूजीलैंड को अच्छी शुरुआत नहीं मिली थी। डेवोन कॉनवे (10), केन विलियमसन (1) और डेरिल मिचेल (10) सस्ते में पवेलियन लौट गए थे। इसके बाद टीम को बड़ी साझेदारी की जरूरत थी, जिसे विल यंग और टॉम लैथम की जोड़ी ने पूरा किया। दोनों खिलाड़ियों के बीच चौथे विकेट के लिए 118 रनों की साझेदारी हुई।
विल यंग ने 113 गेंदों में 12 चौके और एक छक्के की मदद से 107 रन की शानदार पारी खेली। लैथम ने फिर पांचवें विकेट के लिए ग्लेन फिलिप्स के साथ मिलकर 125 रनों की साझेदारी भी निभाई। ग्लेन फिलिप्स ने 39 गेंदों में 61 रन बनाए। जबकि टॉम लैथम ने 104 गेंदों में 10 चौके और 3 छक्कों की मदद से 118 रन की नाबाद पारी खेली। उन्होंने 95 गेंदों में शतक पूरा किया था।
साझेदारी बनाने पर ज्यादा फोकस था- टॉम लैथम
टॉम लैथम ने प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब जीतने के बाद पोस्ट मैच प्रजेंटेशन पर बात करते हुए कहा,
“हां, निश्चित रूप से जब आप पहले भी ऐसी सतह पर खेले हैं तो इससे मदद मिलती है। योगदान देना अच्छा लगा, विल यंग ने बेहतरीन खेला और फिर 320 रन तक पहुंचना शानदार था। जब मैं आया, तो यह साझेदारी बनाने के बारे में था। हम ऐसा कर सकते थे और फिर रन रेट में सुधार कर सकते थे, और फिर GP (ग्लेन फिलिप्स) आए और एक बार फिर शानदार खेल दिखाया। हमें दूसरी पारी में आगे बढ़ने के लिए गति दी। बैक एंड पर, आप जितना हो सके उतने रन बनाना चाहते हैं। खुशी है कि हम आज ऐसा कर पाए। आज ओस की कमी थी इसलिए गेंद काफी घूमी, ऐसी परिस्थितियों में दूसरी पारी में गेंदबाजी करना बेहतर था।”