PAK vs BAN: बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट के लिए पाकिस्तान ने की 12 सदस्यीय टीम की घोषणा, शाहीन अफरीदी हुए ड्रॉप
बांग्लादेश ने पहले टेस्ट मैच में पाकिस्तान को 10 विकेट से हराया था।
अद्यतन - Aug 29, 2024 9:23 pm

PAK vs BAN 2nd Test: बांग्लादेश क्रिकेट टीम इस समय दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए पाकिस्तान दौरे पर है। पहले टेस्ट मैच में मेजबान पाकिस्तान को करारी शिकस्त मिली थी। वहीं अब 30 अगस्त, शुक्रवार से दोनों टीमों के बीच सीरीज का दूसरा टेस्ट मुकाबला रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।
इस मैच से एक दिन पहले ही पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने 12 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। बता दें कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने इस बात की जानकारी अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर एक पोस्ट के माध्यम से दी है। 12 सदस्यीय इस टीम में तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी को जगह नहीं दी गई है।
बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच के लिए पाकिस्तान की 12 सदस्यीय टीम:
शान मसूद (कप्तान), सऊद शकील, अबरार अहमद, मोहम्मद अली, सलमान अली आगा, सैम अयूब, बाबर आजम, मीर हमजा, मोहम्मद रिजवान (विकेटकीपर), अबदुल्लाह शफीक, नसीम शाह, खुर्रम शहजाद।
बांग्लादेश ने पाकिस्तान पर दर्ज की थी ऐतिहासिक जीत
गौरतलब है कि बांग्लादेश क्रिकेट टीम ने मेजबान पाकिस्तान के खिलाफ 21 अगस्त से शुरू हुए पहले टेस्ट मैच में 10 विकेट से जीत हासिल कर सभी को चौंका दिया था। बांग्लादेश टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में पाकिस्तान में यह उसकी पहली जीत थी।
मुकाबले में एक समय ऐसा लग रहा था कि यह मैच ड्राॅ पर खत्म होगा, लेकिन बांग्लादेश ने खेल के पांचवें दिन बेहतरीन गेंदबाजी के दम पर पाक टीम को 10 विकेट से हराया था। वहीं अब बांग्लादेश दूसरा टेस्ट मैच जीतकर पाकिस्तान के खिलाफ पहली बार टेस्ट सीरीज जीतने को देखेगी। दूसरी तरफ शान मसूद एंड कंपनी दूसरे टेस्ट मैच को जीतकर सीरीज बराबरी पर खत्म करना चाहेगी।