पाकिस्तान सरकार ने श्रीलंका जाने वाले अफगानिस्तान के खिलाड़ियों के लिए जारी किया वीजा
अफगानिस्तान की टीम पहले सड़क के रास्ते से पाकिस्तान जाएगी और वहां से श्रीलंका के लिए उड़ान भड़ेगी।
अद्यतन - Aug 23, 2021 6:29 pm

सितंबर में अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच होने वाली वनडे सीरीज के लिए पाक सरकार ने अफगानिस्तान की टीम के लिए वीजा जारी कर दिया है। ये सीरीज 3 सितंबर से श्रीलंका में खेली जाएगी। तालिबानी कब्जे के बाद इस सीरीज पर सवाल खड़े हो गए थे लेकिन मौजूदा हालात को देखते हुए लगता है कि ये सीरीज तय समय पर शुरू होगी और अफगान फैंस को बहुत दिनों के बाद क्रिकेट देखने को मिलेगा।
हालांकि, चिंता की बात ये थी कि कोरोना के बढ़ते हुए मामले को देखकर अफगानिस्तान फिलहाल 10 दिनों के लॉकडाउन से गुजर रहा है और पूरे देश पर तालिबानी कब्जे के बाद से काबुल इंटरनेशनल एयरपोर्ट से कोई कमर्शियल विमान उड़ान नहीं भर रही है।
पाकिस्तान के मंत्री ने क्या कहा?
खबरों के मुताबिक, अफगानिस्तान की टीम पहले सड़क मार्ग से पाकिस्तान जाएगी और वहां से सभी खिलाड़ी श्रीलंका के लिए उड़ान भरेंगे। हालांकि, रविवार को पाकिस्तान के सूचना एवं प्रसारण मंत्री चौधरी फवाद हुसैन ने बताया कि सरकार ने सभी अफगानिस्तान के खिलाड़ियों के लिए वीजा जारी किया है।
फवाद हुसैन ने ट्विटर पर एक पोस्ट करते हुए ये जानकारी साझा की थी। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा कि ” पाकिस्तान ने अफगान क्रिकेट टीम के लिए वीजा जारी किया है। हम आशा करते है और हमें उम्मीद है अफगानिस्तान की टीम इस दौरे से अपने मुल्क के सभी लोगों के चेहरे पर मुस्कान लाएगी”
यहां देखिए वो ट्वीट
پاکستان نے افغانستان کی کرکٹ ٹیم کو ویزہ جاری کر دیا ہے، ہم امید اور دعا کرتے ہیں کہ افغان کرکٹ ٹیم اپنے عوام کی چہروں پر مسکراہٹیں لائے گی…… “زما دا اخلاص نہ ڈکے نیکے حیلے اؤ دعاگانے تاسو سرا دی۔” #AfganistanCricketTeam
— Ch Fawad Hussain (@fawadchaudhry) August 22, 2021
फिलहाल, अफगानिस्तान की टीम काबुल इंटरनेशनल स्टेडियम में इस दौरे के लिए अपना अभ्यास कर रही है। इससे पहले खबर ये खबर आई थी कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अफगान क्रिकेट बोर्ड को ये सीरीज पाकिस्तान में ही खेलने को कहा था लेकिन अफगान टीम इसके लिए सहज नहीं दिखी और उन्होंने श्रीलंका में ही खेलने का फैसला किया। तीन वनडे मैचों की ये सीरीज श्रीलंका के हंबनटोटा स्टेडियम में खेली जाएगी।