एशिया कप 2022: चोटिल शाहीन शाह अफरीदी आखिर क्यों कर रहे हैं टीम के साथ ट्रेवल?
एशिया कप में पाकिस्तान का पहला मैच रविवार, 28 अगस्त को भारत के खिलाफ होना है।
अद्यतन - Aug 26, 2022 9:52 am

एशिया कप शुरू होने से कुछ ही दिन पहले पाकिस्तान की टीम को बड़ा झटका लगा, जब उनके अनुभवी तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी चोटिल होने की वजह से टूर्नामेंट से बाहर हो गए। टीम को इस टूर्नामेंट में शाहीन अफरीदी के बिना ही मैदान पर उतरना होगा। हालांकि चोटिल होने के बावजूद तेज गेंदबाज अफरीदी टीम के साथ यूएई में मौजूद हैं।
उन्हें आगामी एशिया कप के लिए न केवल यूएई में टीम के साथ देखा गया, बल्कि नीदरलैंड्स के खिलाफ हाल ही में समाप्त हुई वनडे सीरीज के लिए भी वह उस दौरे पर टीम के साथ मौजूद थे। कहा जा रहा है कि कप्तान बाबर आजम ने मैनेजमेंट को फोन किया और वो चाहते थे कि अफरीदी टीम के साथ ट्रेवल करें।
पाकिस्तानी मीडिया के हवाले से पीसीबी के एक प्रवक्ता ने कहा है कि, “बाबर चाहता था कि वह (शाहीन अफरीदी) टीम के साथ रहे। टीम मैनेजमेंट उनके चोट और रिहैब पर बारीकी से नजर रखना चाहती है। वह टीम के साथ दुबई में ही रहेंगे।”
अब न्यूजीलैंड के खिलाफ त्रिकोणीय T20I सीरीज में खेलते हुए दिखेंगे शाहीन अफरीदी
जब अफरीदी का इलाज चल रहा था तब डॉक्टर्स ने उन्हें एशिया कप से प्रभावी रूप से बाहर रहने और खेल से चार से छह सप्ताह का ब्रेक लेने का आग्रह किया। अफरीदी ने टी-20 विश्व कप 2021 में भारत पर पाकिस्तान की शानदार जीत में अहम भूमिका निभाई थी। ऑस्ट्रेलिया में T20 विश्व कप 2022 में जाने से पहले, वह अक्टूबर में न्यूजीलैंड में T20I त्रिकोणीय श्रृंखला में खेलते हुए दिख सकते हैं।
एशिया कप में पाकिस्तान का पहला मैच चिर-प्रतिद्वंद्वी भारत के खिलाफ होगा, दोनों टीमें रविवार, 28 अगस्त को आमने-सामने होंगी। भारत पिछले साल की दिल दहला देने वाली हार से उबरने की कोशिश करेगा, जबकि पाकिस्तान पिछले साल वाले प्रदर्शन को दोहराना चाहेगा। इस टूर्नामेंट में भारत भी जसप्रीत बुमराह के बिना ही सभी मैच में खेलने उतरेगा।