वसीम अकरम का यही मानना, विदेशी कोचों की जगह पाकिस्तान कोच को दी जाए राष्ट्रीय टीम की कोचिंग
अगर आप मुझसे पूछें तो मैं आपको बता देना चाहता हूं कि विदेशी कोच यहां नहीं आएंगे: वसीम अकरम
अद्यतन - Jan 18, 2023 2:21 pm

पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज वसीम अकरम ने विदेशी कोचों के पाकिस्तान ना आने के मुद्दे पर अपना पक्ष रखा। जबसे नजम सेठी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं तबसे प्रबंधन में काफी बदलाव देखने को मिले हैं।
कई लोगों को उनकी भूमिका से हटा दिया गया। एक नया चयनित पैनल भी नियुक्त हुआ जिसकी कमान शाहिद अफरीदी को सौंपी गई। नजम सेठी यह भी चाहते हैं कि मिकी आर्थर एक बार फिर से राष्ट्रीय टीम के मुख्य कोच नियुक्त हो, लेकिन कई रिपोर्ट्स के मुताबिक पाकिस्तान क्रिकेट में अविश्वसनीय वातावरण के कारण आर्थर ने इस फैसले से इनकार कर दिया है।
अब इसी मुद्दे पर वसीम अकरम ने अपनी राय सामने रखी और कहा कि टीम को विदेशी कोचों के बजाय पूर्व पाकिस्तानी खिलाड़ियों को ही इस भूमिका में टीम में शामिल करना चाहिए।
तमाम लोग अपने अनुबंध को लेकर डर रहे हैं: वसीम अकरम
पाकिस्तान क्रिकेट के मुताबिक वसीम अकरम ने कहा कि, ‘अगर आप मुझसे पूछें तो मैं आपको बता देना चाहता हूं कि विदेशी कोच यहां नहीं आएंगे। सब लोग इस बात से काफी डरे हुए हैं कि कहीं अगर बोर्ड में बदलाव हुआ तो उनका अनुबंध भी खत्म ना हो जाए। अगर आपको विदेशी कोच नहीं मिल रहे हैं तो आपको पाकिस्तानी कोच को यह भूमिका निभाने के लिए हामी भर लेनी चाहिए।’
बता दें, मिकी आर्थर इस समय डर्बीशायर के हेड ऑफ क्रिकेट है और वो भी यह चाह रहे थे कि वो पाकिस्तान टीम के हेड कोच फिर से बन जाए। हालांकि एक सूत्र ने इस बात की पुष्टि की कि अगर वो डर्बीशायर से दूर हो भी जाते हैं तब भी उनके अनुबंध को लेकर कुछ भी नहीं कहा जा सकता और इसकी कोई भी गारंटी नहीं होगी।
एक सूत्र ने PTI को बताया कि, ‘आर्थर ने सेठी से कहा कि एहसान मनी की अगुआई वाले PCB प्रबंधन ने 2019 विश्व कप के दौरान उन्हें आश्वासन दिया था कि उनका अनुबंध बढ़ाया जाएगा। लेकिन पाकिस्तान के लगातार चार मैच जीतने के बावजूद सेमीफाइनल में जगह नहीं बनाने के बाद उनके अनुबंध को वहीं रोक दिया गया।
मिकी की माने तो अगर वो डर्बीशायर से अपना अनुबंध खत्म कर भी देते हैं तो जिस तरीके का माहौल पाकिस्तान क्रिकेट में चल रहा है उसको देखते हुए उनके अनुबंध की कोई भी गारंटी नहीं होगी।’