वर्ल्ड कप 2023 के वेन्यू को लेकर ICC ने पाकिस्तान की मांग को किया खारिज - क्रिकट्रैकर हिंदी

वर्ल्ड कप 2023 के वेन्यू को लेकर ICC ने पाकिस्तान की मांग को किया खारिज

भारत और पाकिस्तान के बीच 2013 के बाद से कोई भी द्विपक्षीय सीरीज नहीं खेली गई है।

Jay Shah and Najam Sethi (Pic Source-Twitter)
Jay Shah and Najam Sethi (Pic Source-Twitter)

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने वनडे वर्ल्ड कप 2023 के शेड्यूल की घोषणा आज यानी 27 जून को की। बता दें, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने भारत बनाम पाकिस्तान मुकाबले के वेन्यू को लेकर ICC से अपील की थी लेकिन शेड्यूल में कोई भी बदलाव नहीं किया गया है और यह मुकाबला अब अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में ही खेला जाएगा।

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने कहा है कि उन्हें भारत की यात्रा करने और इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए पाकिस्तान सरकार से मंजूरी की आवश्यकता है। भारत और पाकिस्तान के बीच 2013 के बाद से कोई भी द्विपक्षीय सीरीज नहीं खेली गई है।

क्रिकबज के मुताबिक पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के प्रवक्ता ने कहा कि, ‘PCB को भारत का दौरा करने के लिए पाकिस्तानी सरकार से हामी लेनी पड़ेगी साथ ही जो मुकाबले अलग-अलग वेन्यू में खेले जाएंगे उसके लिए भी।’

हमें पूरी उम्मीद है कि पाकिस्तान पुरुष क्रिकेट वर्ल्ड कप के लिए भारत जरूर जाएगी: PCB प्रवक्ता

उन्होंने आगे कहा कि, ‘हम लगातार सरकार से बात कर रहे हैं और जैसे ही हमें उनकी तरफ से जवाब मिलेगा हम ICC के मुख्य लोगों से बातचीत करेंगे। हम लोग लगातार सबके साथ जुड़े हुए हैं। हमें पूरा भरोसा है कि पाकिस्तान पुरुष क्रिकेट वर्ल्ड कप के लिए भारत जरूर जाएगी।’

BCCI और ICC दोनों को पूरा भरोसा है कि पाकिस्तान टीम भारत का दौरा जरूर करेगी। बता दें, पाकिस्तान को अपने सभी वनडे वर्ल्ड कप 2023 के लीग मुकाबले 5 वेन्यू पर खेलने हैं। यह जगह है अहमदाबाद, हैदराबाद, चेन्नई, कोलकाता और बेंगलुरु।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने यह बात साफ कर दी है कि अगर पाकिस्तान टीम सेमीफाइनल में अपनी जगह बना लेती है तो उनका मैच कोलकाता में खेला जाएगा। ICC वनडे वर्ल्ड कप 2023 टूर्नामेंट की शुरुआत 5 अक्टूबर से हो रही है। तमाम लोग इसका बेसब्री से इंतजार कर रहे है।

close whatsapp