अगर भारत और पाकिस्तान के बीच सेमीफाइनल हुआ तो कहां होगा मैच?, ICC ने किया बड़ा बदलाव
अद्यतन - जून 27, 2023 8:14 अपराह्न

आईसीसी (ICC) ने मंगलवार 27 जून को वर्ल्ड कप 2023 के लिए शेड्यूल की घोषणा कर दी है। यह मेगा टूर्नामेंट 5 अक्टूबर से शुरू होगा और 19 नवंबर तक खेला जाएगा। इसमें 10 टीमें हिस्सा लेंगी और टूर्नामेंट का आयोजन 10 स्थानों पर होगा। जारी शेड्यूल के मुताबिक पहला सेमीफाइनल मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा, जबकि दूसरा सेमीफाइनल कोलकाता के ईडन गॉर्डन्स में आयोजित होगा।
हालांकि, पीसीबी के वर्ल्ड कप का कोई भी मैच सुरक्षा चिंताओं के कारण मुंबई में नहीं खेलने के अनुरोध पर बीसीसीआई और आईसीसी ने बीच का रास्ता निकाला है। अगर भारत सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करता है तो वह अपना मैच मुंबई में खेलेगा। लेकिन अगर पाकिस्तान से सेमीफाइनल में सामना होता है तो टीम इंडिया को कोलकाता में खेलना होगा। आईसीसी ने शर्त रखी है कि पाकिस्तान टीम अपना सेमीफाइनल मैच किसी भी हाल में कोलकाता में ही खेलेगी।
ये शर्तें भी होंगी लागू
आईसीसी ने वर्ल्ड कप शेड्यूल के लिए दो अन्य शर्तें भी जारी की हैं। अगर वेस्टइंडीज क्वालिफाई करता है, तो उन्हें क्वालीफायर -1 के रूप में दर्शाया जाएगा, चाहे वह क्वालीफायर टूर्नामेंट में किसी भी पोजिशन पर समाप्त हो। वहीं अगर श्रीलंका क्वालीफाई करता है तो वह क्वालीफायर-2 के रूप में दर्शाया जाएगा, भले ही वह किसी पोजिशन पर रहें।
बता दें कि पीसीबी ने ऑस्ट्रेलिया और अफगानिस्तान के खिलाफ अपने मैच के वेन्यू बदलने की मांग की थी। पाकिस्तान को 20 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बेंगलुरु के चिन्नास्वामी और 23 अक्टूबर को अफगानिस्तान के खिलाफ चेन्नई के चेपॉक में खेलना है। पाकिस्तान ने अपने पत्र में अनुरोध किया था कि ये दोनों वेन्यू विपक्षी टीमों के अनुकूल है। हालांकि, उसके इस अनुरोध को खारिज कर दिया गया।
वर्ल्ड कप 2023 में भारत और पाकिस्तान का मुकाबला 15 अक्टूबर को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। इस महामुकाबले को लेकर प्रतिक्रिया भी आने लगी है। शेड्यूल आते ही दिनेश कार्तिक ने इस मुकाबले को लेकर कहा कि आगामी वर्ल्ड कप 2023 में भारत बनाम पाकिस्तान मैच ब्लॉकबस्टर होने वाला है।
ये भी पढ़ें- वर्ल्ड कप 2023 के लिए भारत का दौरा नहीं करेगी पाकिस्तान! PCB अधिकारी ने दिया बड़ा बयान