पैट कमिंस ने भारतीय इंटर-सिटी टी-20 लीग के एक मिलियन डॉलर के प्रस्ताव को ठुकराया
पैट कमिंस ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को प्राथमिकता देना चाहते हैं।
अद्यतन - Sep 24, 2022 1:57 pm

दुनिया में टी-20 क्रिकेट के उदय के साथ ही दुनिया भर में कई नई निजी फ्रेंचाइजी लीगों ने जन्म लिया है। इस समय हर क्रिकेट खेलने वाले देशों की अपनी खुद की एक लीग है, जहां दुनियाभर के क्रिकटर हिस्सा लेते हैं, और इसके साथ ही कई छोटे-छोटे फ्रेंचाइजी टूर्नामेंट भी खेले जा रहे हैं।
इस बीच, ऑस्ट्रेलिया के स्टार तेज गेंदबाज और टेस्ट कप्तान पैट कमिंस को भारतीय इंटर-सिटी टी-20 लीग में हिस्सा लेने के लिए कथित तौर पर 1 मिलियन डॉलर की पेशकश की गई है। फॉक्स स्पोर्ट्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, पैट कमिंस को भारत की एक इंटर-सिटी टी-20 लीग में भाग लेने के लिए 1 मिलियन ऑस्ट्रेलियाई डॉलर की पेशकश की गई थी, लेकिन ऑस्ट्रेलिया के स्टार तेज गेंदबाज ने इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया।
पैट कमिंस ने भारतीय इंटर-सिटी टी-20 लीग के 1 मिलियन डॉलर के ऑफर को ठुकराया
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि पैट कमिंस ने इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया, क्योंकि वह ऑस्ट्रेलिया के साथ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को प्राथमिकता देना चाहते हैं। कमिंस ने फॉक्स स्पोर्ट्स के हवाले से कहा: “इस तरह के अवसर बहुत बड़े हैं और ये ऑफर लगातार आ रहे हैं। लेकिन इस समय ऑस्ट्रेलिया के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलना मेरी पहली प्राथमिकता है। लेकिन इस तरह से फ्रेंचाइजी लीगों के उदय को हल्के में नहीं लिया जा सकता है।”
ऑस्ट्रेलिया के टेस्ट कप्तान ने आगे कहा: “मुझे लगता है कि वास्तविक रूप से अधिक से अधिक लोग विभिन्न कारणों से फ्रेंचाइजी लीग चुनने वाले हैं। कभी-कभी, आप चाहते हैं कि आपके ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी बड़ी टी-20 लीगों में हिस्सा ले चाहे फिर उन्हें किसी एक प्रारूप से चूकना ही क्यों न पड़े, लेकिन हमें इसे लेकर भी सजग रहना चाहिए। फिलहाल, हम सभी ऑस्ट्रेलिया के लिए खेलने को प्राथमिकता दें रहे हैं, जो हमें वास्तविक आनंद देता हैं।”
फॉक्स स्पोर्ट्स की रिपोर्ट में आगे दावा किया गया है कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के कुछ राज्य संघ अपने शहर-आधारित स्थानीय फ्रेंचाइजी टी-20 लीग के लिए अंतरराष्ट्रीय सितारों को साइन करना चाहते हैं।