टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के शुरू होने से पहले न्यूजीलैंड में त्रिकोणीय सीरीज का हिस्सा बनेगी पाकिस्तान क्रिकेट टीम - क्रिकट्रैकर हिंदी

टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के शुरू होने से पहले न्यूजीलैंड में त्रिकोणीय सीरीज का हिस्सा बनेगी पाकिस्तान क्रिकेट टीम

त्रिकोणीय टी-20 सीरीज का आयोजन सितंबर-अक्टूबर महीने में किया जा सकता है।

Pakistan. (Photo Source: Getty Images)
Pakistan. (Photo Source: Getty Images)

ऑस्ट्रेलिया में खेले जाने वाले टी-20 वर्ल्ड कप को लेकर टीमों के पास अपनी तैयारियों को पुख्ता करने का अब अधिक समय नहीं बचा है। इसी कारण पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड भी इस बार तैयारियों को लेकर किसी तरह की कोई कमी नहीं छोड़ना चाहता और टी-20 वर्ल्ड कप से ठीक पहले न्यूजीलैंड में होने वाली त्रिकोणीय टी-20 सीरीज में खेलने को लेकर हामी भर दी है।

इस त्रिकोणीय टी-20 सीरीज में मेजबान न्यूजीलैंड के अलावा बांग्लादेश की टीम भी हिस्सा लेगी। न्यूजीलैंड ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद की मीटिंग के दौरान इस त्रिकोणीय सीरीज को लेकर प्रस्ताव रखा था, जिसे बांग्लादेश और पाकिस्तान के बोर्ड ने स्वीकार किया था। इस त्रिकोणीय सीरीज का आयोजन सितंबर के आखिर या फिर अक्टूबर महीने की शुरुआत में किया जाएगा।

इसके ठीक बाद में तीनों ही टीम ICC टी-20 वर्ल्ड कप में हिस्सा लेने ऑस्ट्रेलिया के रवाना होंगी। वहीं बांग्लादेश की टीम न्यूजीलैंड में इस त्रिकोणीय सीरीज में खेलने जाने से पहले एडिलेड में एक हफ्ते के लिए ट्रेनिंग में हिस्सा लेगी। जिसमें टीम ऑस्ट्रेलिया की घरेलू टीम के खिलाफ कुछ टी-20 मैच भी खेलेगी।

पाकिस्तान और बांग्लादेश की टीम को इस साल सितंबर के महीने में श्रीलंका में आयोजित होने वाले एशिया कप में भी हिस्सा लेना है। लेकिन श्रीलंका में आर्थिक हालात के चलते वहां पर इस समय जिस तरह की स्थिति देखने को मिल रही है, उससे एशिया कप का आयोजन स्थल बदला जा सकता है।

तीनों ही टीम टी-20 वर्ल्ड कप सुपर-12 लीग स्टेज का हिस्सा

टी-20 वर्ल्ड कप को लेकर तीनों ही टीमों की बात की जाए तो वह सुपर-12 से सीधे अपने लीग स्टेज अभियान की शुरुआत करेंगी। जिसमें पिछली बार फाइनल तक का सफर तय करने वाली न्यूजीलैंड की टीम को अपने अभियान की शुरुआत मेजबान और गत-विजेता ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 22 अक्टूबर को सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में करने का मौका मिलेगा।

वहीं दूसरी तरफ पाकिस्तान क्रिकेट टीम को लेकर बात की जाए तो वह सुपर-12 में अपना पहला मुकाबला 23 अक्टूबर को अपने चिर-प्रतिद्वंदी भारत के खिलाफ मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में खेलने उतरेंगे। बता दें कि टी-20 वर्ल्ड कप 2021 में भी पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ ही अपने अभियान की शुरुआत करते हुए उस मैच में 10 विकेट से एकतरफा जीत हासिल की थी। लेकिन उनका सफर सेमी-फाइनल तक ही रहा था, जब ऑस्ट्रेलिया से उन्हें हार का सामना करना पड़ा।

close whatsapp