"मैं तुम्हारे बेटे के साथ खेलने के बाद, रिटायरमेंट लूंगा", पृथ्वी शॉ के संन्यास वाले सवाल पर पीयूष चावला ने ली चुटकी - क्रिकट्रैकर हिंदी

“मैं तुम्हारे बेटे के साथ खेलने के बाद, रिटायरमेंट लूंगा”, पृथ्वी शॉ के संन्यास वाले सवाल पर पीयूष चावला ने ली चुटकी

आईपीएल में सर्वाधिक विकेट लेने के मामले में दूसरे नंबर पर हैं चावला

Piyush Chawla (Image Credit- Twitter X)
Piyush Chawla (Image Credit- Twitter X)

भारतीय क्रिकेट टीम के अनुभवी स्पिनर पीयूष चावला (Piyush Chawla) भले ही इन दिनों टीम इंडिया से दूर हो, लेकिन वह लगातार इंडिया प्रीमियर लीग (IPL) में खेलते हुए नजर आते हैं। बता दें कि 35 वर्षीय चावला भारतीय टीम के लिए साल 2012 में आखिरी बार खेलते हुए नजर आए थे।

टी20 वर्ल्ड कप 2007 और वर्ल्ड कप 2011 चैंपियन भारतीय क्रिकेट टीम का हिस्सा रहे चावला आईपीएल में सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाजों में से एक हैं। हालांकि, अगर एक खिलाड़ी में क्रिकेट खेलने का जज्बा है, तो उम्र कुछ भी मायने नहीं रखती है। उदाहरण के लिए आप पूर्व भारतीय कप्तान एमएस धोनी को ही देख सकते हैं, जो 43 साल के होने के बाद भी लगातार चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलते हुए नजर आ रहे हैं।

दूसरी ओर, हाल में ही पीयूष चावला शुभंकर मिश्रा के यूट्यूब चैनल पर एक पाॅडकास्ट में नजर आए। इस पाॅडकास्ट में चावला ने अपने प्रोफेशनल और पर्सनल लाइफ से जुड़ी अलग-अलग चीजों पर बात की। वहीं उन्होंने इस पाॅडकास्ट पर भारतीय क्रिकेटर पृथ्वी शाॅ से जुड़ा एक मजेदार किस्सा भी सुनाया।

चावला ने बताया कि एक बार उनकी उम्र को लेकर शाॅ ने उनसे क्रिकेट खेलने को लेकर कहा- पीसी भाई अब बस भी करो। तो चावला ने शाॅ के इस सवाल का जबाव देते हुए कहा- मैंने सचिन पाजी के साथ खेला है और अब उनके बेटे के साथ खेल रहा हूं। मैं आपके साथ खेल रहा हूं और आपके बेटे के साथ खेलने के बाद मैं रिटायरमेंट ले लूंगा।

पीयूष चावला के क्रिकेट करियर पर एक नजर

पीयूष चावला के क्रिकेटिंग करियर के बारे में बात करें, तो उन्होंने भारतीय टीम के लिए 3 टेस्ट, 25 वनडे और 7 टी20 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 7 टेस्ट, 32 वनडे और 4 टी20 विकेट हासिल किए हैं। इसके अलावा उन्होंने 192 आईपीएल मैचों में 192 विकेट हासिल किए हैं। वह आईपीएल में सर्वाधिक विकेट लेने के मामले में दूसरे नंबर पर हैं।

close whatsapp