रोहित शर्मा ने क्रिकेट किट को खरीदने के लिए दूध के पैकेट भी डिलीवर किए हैं: प्रज्ञान ओझा - क्रिकट्रैकर हिंदी

रोहित शर्मा ने क्रिकेट किट को खरीदने के लिए दूध के पैकेट भी डिलीवर किए हैं: प्रज्ञान ओझा

रोहित और प्रज्ञान ओझा भारतीय टीम में एक साथ खेल चुके हैं और साथ ही इंडियन प्रीमियर लीग में भी दोनों ने मुंबई इंडियंस फ्रेंचाइजी की ओर से खेला हुआ है।

Pragyan Ojha and Rohit Sharma (Image Source: Twitter)
Pragyan Ojha and Rohit Sharma (Image Source: Twitter)

भारत के पूर्व स्पिनर प्रज्ञान ओझा ने रोहित शर्मा को लेकर एक बड़ा खुलासा किया। उन्होंने बताया कि रोहित की उनसे मुलाकात अंडर-15 नेशनल कैंप में हुई थी। बता दें, रोहित और प्रज्ञान ओझा भारतीय टीम में एक साथ खेल चुके हैं और साथ ही इंडियन प्रीमियर लीग में भी दोनों ने मुंबई इंडियंस फ्रेंचाइजी की ओर से खेला हुआ है।

जिओसिनेमा के एक इंटरव्यू के दौरान प्रज्ञान ओझा ने खुलासा किया कि अंडर-15 नेशनल कैंप में रोहित शर्मा बहुत ही स्पेशल खिलाड़ी थे। उन्होंने यह भी कहा कि ट्रेनिंग के दौरान उन्होंने रोहित शर्मा का विकेट भी हासिल किया हुआ है। हालांकि प्रज्ञान ओझा ने यह भी बताया कि रोहित उस समय ज्यादा बातचीत नहीं करते थे और उनके खिलाफ आक्रामक क्रिकेट खेलते थे।

प्रज्ञान ओझा ने कहा कि, ‘जब मैं पहली बार रोहित से अंडर-15 नेशनल कैंप में मिला तो सभी ने यह कहा कि वो बहुत ही खास खिलाड़ी है। उसके बाद मैंने उनके खिलाफ खेला और उनका विकेट भी झटका। रोहित ज्यादा बातचीत नहीं करते थे लेकिन वो आक्रमक क्रिकेट खेलते थे। मुझे इस बात से काफी हैरानी होती थी कि वो मुझे नहीं जानते हैं तब भी क्यों वो मेरे खिलाफ आक्रामक क्रिकेट खेलते हैं। लेकिन उसके बाद ही हमारी दोस्ती बढ़ने लगी।’

अब जब मैं रोहित को देखता हूं तो मुझे काफी सम्मानित महसूस होता है: प्रज्ञान ओझा

ओझा ने बताया कि एक बार रोहित शर्मा काफी इमोशनल हो गए थे जब वो अपने क्रिकेट किट को लेकर बातचीत कर रहे थे। उन्होंने बताया कि रोहित शर्मा दूध के पैकेट डिलीवर करते थे और उसी की वजह से यह किट खरीदी थी। ओझा ने यह भी कहा कि इस समय रोहित जिस मुकाम पर है उन्हें ऐसे देखकर वो काफी खुश होते हैं। IPL के पहले सत्र में इन दोनों खिलाड़ियों ने डेक्कन चार्जर्स की ओर से भी खेला हुआ है।

पूर्व भारतीय क्रिकेटर ने आगे कहा कि, ‘वो मिडिल-क्लास फैमिली से थे और मुझे याद है कि एक बार उन्होंने बताया था कि मैंने क्रिकेट किट दूध के पैकेट को डिलीवर करते हुए खरीदी है। वो काफी भावुक हो गए थे। इस बात को काफी साल हो गए हैं। अब जब मैं उनको देखता हूं तो मुझे काफी गर्व महसूस होता है कि कैसे उन्होंने अपना सफर शुरू किया था और आज वो किस मुकाम पर है।’

close whatsapp