IPL 2022 से बाहर हो सकते हैं पृथ्वी शॉ, दिल्ली कैपिटल्स के लिए बढ़ी मुश्किलें! - क्रिकट्रैकर हिंदी

IPL 2022 से बाहर हो सकते हैं पृथ्वी शॉ, दिल्ली कैपिटल्स के लिए बढ़ी मुश्किलें!

पृथ्वी शॉ को दिल्ली कैपिटल्स ने मेगा ऑक्शन से पहले किया था रिटेन।

Prithvi Shaw
Prithvi Shaw. (Photo Source: Instagram)

आईपीएल के शुरू होने में अब कुछ ही दिन का वक्त बाकी रह गया है और इस सीजन के लिए सभी टीमें जोर शोर से तैयारी कर रही हैं। जहां सभी खिलाड़ी अपनी अपनी टीम के साथ जुड़ चुके हैं और फ्रेंचाइजी द्वारा आयोजित कैंप में हिस्सा ले रहे हैं।

हालांकि आईपीएल से ठीक पहले बीसीसीआई ने कुछ खिलाड़ियों को नेशनल क्रिकेट अकैडमी बुलाया था और वहां उनके लिए फिटनेस सत्र का आयोजन किया था। बोर्ड ने लगभग 25 खिलाड़ियों को एनसीए में रिपोर्ट करने के लिए कहा था। उनमें से एक नाम दिल्ली कैपिटल्स के ओपनर पृथ्वी शॉ का भी है।

पृथ्वी शॉ को आईपीएल में खेलने से पहले एनसीए में यो यो टेस्ट देना पड़ा। और खबरों की माने तो पृथ्वी उस फिटनेस टेस्ट में फेल हो गए हैं और आईपीएल में उनकी भागीदारी पर सवालिया निशान खड़ा हो गया है। अब बीसीसीआई पृथ्वी शॉ के आईपीएल में खेलने पर क्या फैसला लेती है ये तो आने वाले वक्त में ही पता चल पाएगा।

पृथ्वी शॉ को लेकर BCCI के सूत्र ने दिया बड़ा बयान

इंडियन एक्सप्रेस के हवाले से बीसीसीआई के एक सूत्र ने कहा कि, “ये सिर्फ फिटनेस अपडेट हैं। जाहिर है, यह पृथ्वी को आईपीएल में दिल्ली कैपिटल के लिए खेलने से नहीं रोकता है। यह सिर्फ एक फिटनेस पैरामीटर है और सब कुछ का अंत नहीं है। देखिए, उन्होंने लगातार तीन रणजी मैच खेले हैं। एक बार जब आप तीन प्रथम श्रेणी का मैच खेलते हैं, तो उसका थकान आपके यो-यो स्कोर को भी प्रभावित कर सकती है।”

हाल के दिनों में पृथ्वी शॉ, भारतीय खिलाड़ियों में सबसे फिट नहीं रहे हैं और शायद यही एक कारण है कि हाल ही में, उन्हें किसी भी मौजूदा सीनियर टीम में जगह नहीं मिली है। उनके रिप्लेसमेंट के रूप में, टीम प्रबंधन ने, सफेद गेंद के प्रारूप में, मयंक अग्रवाल को टीम में रखना पसंद किया है। अब देखना दिलचस्प होगा कि इस टेस्ट का उनके खेल पर क्या असर पड़ता है।

close whatsapp