CT2025: रविचंद्रन अश्विन ने बाबर आजम को कहा ‘कछुआ’, न्यूजीलैंड के खिलाफ खेली गई पारी की जमकर की आलोचना
बाबर आजम ने इस मैच में निराशाजनक बल्लेबाजी की और 90 गेंद पर 64 रन बनाए।
अद्यतन - फरवरी 20, 2025 8:47 अपराह्न

आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का पहला मैच पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच कराची के नेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया था। इस मैच में पाकिस्तान को 60 रनों से करारी हार मिली। इस मैच में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 320 रन बनाए।
जवाब में पाकिस्तान टीम 260 रनों पर ही सिमट गई। उसके नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे। इस दौरान एक छोर से अनुभवी बल्लेबाज बाबर आजम डटे रहे, लेकिन उन्होंने इतनी धीमी पारी खेली कि पाकिस्तान की टीम मैच में कभी वापसी नहीं कर सकी। बाबर ने निराशाजनक बल्लेबाजी की और 90 गेंद पर 64 रन बनाए। उनकी इस धीमी पारी के लिए जमकर आलोचना भी हुई।
इस कड़ी में भारत के दिग्गज ऑलराउंडर रविचंद्रन अश्विन का नाम भी जुड़ गया है। उन्होंने बाबर आजम और सलमान अली आगा की पारी की कछुए और खरगोश की दौड़ से तुलना की है। रविचंद्रन अश्विन ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर ट्वीट किया कि, ‘बाबर के अर्धशतक का सफर सलमान अली आगा की बल्लेबाजी के साथ ऐसा लग रहा था कि यह खरगोश और कछुए की कहानी चल रही है।’
यहां देखें रविचंद्रन अश्विन का ट्वीट:
Babar’s journey to 50 coupled with Salman Ali Agha’s batting has to be the best depiction of “ The Tortoise and Rabbit story” . #ChampionsTrophy
The 50 I hope will come soon enough🤞
— Ashwin 🇮🇳 (@ashwinravi99) February 19, 2025
चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का दूसरा मुकाबला इस समय भारत और बांग्लादेश के बीच में खेला जा रहा है
इस समय टूर्नामेंट का दूसरा मुकाबला भारत और बांग्लादेश के बीच दुबई के दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। जहां बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। टीम ने काफी खराब शुरुआत की और पावरप्ले के भीतर ही 35 के स्कोर पर आधी टीम पवेलियन लौट गई है।
टीम इंडिया ने अभी तक काफी अच्छी गेंदबाजी की है। रोहित शर्मा एंड कंपनी इस मैच को अपने नाम जरूर करना चाहेगी। बता दें कि, टीम इंडिया को अपना दूसरा मैच पाकिस्तान के खिलाफ 23 फरवरी को दुबई के दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेलना है, जिसका तमाम फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।