KKR vs CSK: अजिंक्य रहाणे के शॉट के फैन हुए रवि शास्त्री और केविन पीटरसन, जमकर की प्रशंसा
इस बेहतरीन मैच में चेन्नई सुपर किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 235 रन बनाए।
अद्यतन - अप्रैल 23, 2023 10:55 अपराह्न

इस समय इंडियन प्रीमियर लीग 2023 का 33वां मुकाबला कोलकाता नाइट राइडर्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच में खेला जा रहा है। इस बेहतरीन मैच में चेन्नई सुपर किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 235 रन बनाए। टीम की ओर से अनुभवी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने काफी अच्छी बल्लेबाजी की और 29 गेंदों में छह चौके और 5 छक्कों की मदद से 71 रन की महत्वपूर्ण नाबाद पारी खेली।
बता दें, अजिंक्य रहाणे ने अभी तक इंडियन प्रीमियर लीग 2023 में काफी अच्छा प्रदर्शन किया और अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स के लिए कई शानदार पारियां खेली हैं। जैसे पिछले सीजन में दिनेश कार्तिक ने क्रिकेट में काफी अच्छी वापसी की थी वैसे ही रहाणे ने भी इस सीजन में जबरदस्त वापसी की है।
कई लोग रहाणे के इस प्रदर्शन की जमकर तारीफ कर रहे हैं। बता दें, चेन्नई सुपर किंग्स की पारी के 18वें ओवर में अजिंक्य रहाणे ने कुलवंत खेजरोलिया की लो फुलटॉस गेंद पर काफी अच्छा शॉट खेला और थर्ड मैन की तरफ बाउंड्री जड़ी। ऑन-एयर रवि शास्त्री ने इस शॉट की जमकर तारीफ की।
रवि शास्त्री ने अजिंक्य रहाणे की जमकर तारीफ की
रवि शास्त्री ने कहा, ‘कितना अच्छा शॉट था यह? यह गेंद सीधा कोलकाता नाइट राइडर्स के डगआउट में गई।’ इसपर साइमन डूल ने कहा कि, ‘मुझे नहीं पता यह उन्होंने कैसे खेला।’
Jinx Rahane has just played one of the greatest shots I’ve ever seen. Keep entertaining brother! ❤️
— Kevin Pietersen🦏 (@KP24) April 23, 2023
इस शॉट की तारीफ इंग्लैंड के पूर्व खिलाड़ी केविन पीटरसन ने भी की। उन्होंने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से एक ट्वीट किया जिसमें उन्होंने लिखा कि, ‘रहाणे ने एक ऐसा शॉट खेला जिसको मैंने शायद ही कभी देखा हो।’
रहाणे के अलावा शिवम दुबे ने 21 गेंदों में दो चौके और 5 छक्कों की मदद से 50 रन की पारी खेली। डेवॉन कॉनवे ने भी काफी अच्छी बल्लेबाजी की और 40 गेंदों में चार चौके व तीन छक्के की मदद से 56 रनों की बहुमूल्य पारी खेली। कोलकाता नाइट राइडर्स को जीत के लिए 236 रनों की जरूरत है।