प्रथम श्रेणी डेब्यू मैच की दोनों पारियों में शतक लगाने के साथ यश ढुल शामिल हुए एक खास क्लब में - क्रिकट्रैकर हिंदी

प्रथम श्रेणी डेब्यू मैच की दोनों पारियों में शतक लगाने के साथ यश ढुल शामिल हुए एक खास क्लब में

यश ढुल ने अपने डेब्यू प्रथम श्रेणी मैच की दोनों पारियों में शतकीय पारी खेलकर खुद को एक खास क्लब में शामिल कर लिया है।

Yash Dhull (Photo Source: Twitter)
Yash Dhull (Photo Source: Twitter)

भारतीय अंडर-19 टीम को अपनी कप्तानी में वर्ल्ड कप का खिताब जिताने वाले यश ढुल ने अपने प्रथम श्रेणी क्रिकेट का भी आगाज काफी शानदार तरीके से करते हुए भारतीय सीनियर टीम की तरफ भी कदम बढ़ा दिए हैं। यश ढुल ने दिल्ली के लिए रणजी ट्रॉफी में डेब्यू करते हुए मैच की दोनों ही पारियों में शतकीय पारी खेलने के साथ खुद को एक खास क्लब में भी शामिल कर लिया है।

19 वर्षीय यश ढुल ने डेब्यू प्रथम श्रेणी मैच में 113 रन जहां पहली पारी में बनाए तो दूसरी पारी में भी नाबाद 113 रनों की पारी खेली। जिसके बाद वह रणजी ट्रॉफी के इतिहास में तीसरे ऐसे खिलाड़ी बन गए हैं, जिन्होंने डेब्यू मैच की दोनों पारियों में शतक लगाने का कारनामा किया है। ढुल ने दूसरी पारी में 14 चौके और एक छक्का भी लगाया वहीं उनके साथी ओपनिंग बल्लेबाज ध्रुव शौरी के बल्ले से भी शतकीय पारी देखने को मिली। हालांकि मैच अंत में ड्रॉ पर खत्म हुआ।

ऐसा करने वाले तीसरे खिलाड़ी बने यश ढुल

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 के सीजन में यश ढुल दिल्ली कैपिटल्स टीम का हिस्सा हैं। वहीं उनके इस कारनामे के बाद IPL फ्रेंचाइजी ने ट्वीट करते हुए उनके दोनों पारियों में शतक लगाने की जानकारी को साझा किया। वहीं इससे पहले यश ढुल ने अपनी प्रतिभा का परिचय अंडर-19 वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमी-फाइनल मुकाबले में शतकीय पारी खेलकर सभी को दे दिया था।

बता दें कि इससे पहले रणजी ट्रॉफी में डेब्यू करते हुए नारी कांट्रैक्टर ने साल 1952-53 में गुजरात के लिए खेलते हुए दोनों पारियों में शतक लगाया था। वहीं इसके बाद दूसरी बार यह कारनामा महाराष्ट्र की तरफ से साल 2012-13 के सीजन में विराग अवाटे ने किया था।

वहीं तमिलनाडु के बल्लेबाज शाहरुख खान की 194 रनों की शानदार पारी के दम पर इस मुकाबले में उन्होंने दिल्ली के खिलाफ पहली पारी में अहम बढ़त लेने का काम किया था। शाहरुख ने अपनी पारी के दौरान 20 चौके और 10 छक्के भी लगाए जिसमें उनका स्ट्राइक रेट 131.08 का था।

close whatsapp