रवि शास्त्री का मानना, बहुत जल्द भारतीय टीम से खेलते हुए नजर आएंगे यशस्वी जायसवाल और रिंकू सिंह
यशस्वी जायसवाल ने अभी तक 13 मुकाबलों में 47.92 के औसत से 575 रन बनाए हैं। यही नहीं वो ऑरेंज कैप की दौड़ में भी शामिल हैं।
अद्यतन - मई 18, 2023 4:29 अपराह्न

राजस्थान रॉयल्स के युवा सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने इंडियन प्रीमियर लीग 2023 में अभी तक काफी अच्छा प्रदर्शन किया है। उन्होंने अभी तक 13 मुकाबलों में 47.92 के औसत से 575 रन बनाए हैं। यही नहीं वो ऑरेंज कैप की दौड़ में भी शामिल हैं। भारतीय टीम के पूर्व कोच रवि शास्त्री की मानें तो यशस्वी जायसवाल बहुत जल्द भारतीय टीम में अपनी जगह बना सकते हैं।
रवि शास्त्री ने राजस्थान रॉयल्स के युवा सलामी बल्लेबाज की जमकर प्रशंसा की और उन्होंने यह भी कहा कि पिछले 12 महीनों में यशस्वी जायसवाल ने अपनी बल्लेबाजी के ऊपर काफी काम किया और उसका रिजल्ट हम सब देख रहे हैं। रवि शास्त्री ने सिर्फ यशस्वी जायसवाल की ही नहीं बल्कि कोलकाता नाइट राइडर्स के बेहतरीन बल्लेबाज रिंकू सिंह की भी जमकर प्रशंसा की।
रिंकू सिंह ने भी अभी तक कोलकाता नाइट राइडर्स की ओर से इस सीजन में काफी अच्छा प्रदर्शन किया है। उन्हें अभी तक जितने भी मौके मिले हैं उन्होंने उन मौकों को काफी अच्छी तरह से भुनाया है। रिंकू सिंह ने अपने दम पर कोलकाता नाइट राइडर्स को गुजरात टाइटंस के खिलाफ जीत दिलाई थी। उन्होंने अंतिम ओवर में लगातार पांच छक्के जड़े थे जिसकी वजह से KKR ने GT को मात दी। उनके लगातार अच्छे प्रदर्शन को लेकर रवि शास्त्री ने रिंकू सिंह की भी जमकर प्रशंसा की है।
यशस्वी जायसवाल और रिंकू सिंह की बल्लेबाजी के मुरीद हुए रवि शास्त्री
द ICC रिव्यु के मुताबिक रवि शास्त्री ने कहा कि, ‘यशस्वी जायसवाल इस सीजन में जिस तरीके से खेल रहे हैं वो सच में कमाल की बात है। पिछले सीजन से उन्होंने अपने बल्लेबाजी में काफी बदलाव किया है और मुझे उनके प्रदर्शन को देखकर काफी खुशी महसूस हो रही है। यह सच में काफी अच्छी बात है। इसको देखकर यह पता चलता है कि युवा खिलाड़ी ने अपने खेल में काफी काम किया है। जिस ताकत से यशस्वी अपने शॉट्स खेल रहे हैं वो देखने लायक है।’
रवि शास्त्री ने आगे कहा कि, ‘एक और खिलाड़ी है रिंकू सिंह जिनकी कहानी भी काफी अच्छी है। मुझे उनके बल्लेबाजी करने का तरीका सच में काफी अच्छा लगता है। वो काफी मजबूत है। इन दोनों ही खिलाड़ियों का बैकग्राउंड काफी चुनौतीपूर्ण रहा है। उन्होंने काफी कड़ी मेहनत की है और उन्हें कोई भी चीज अपने आप नहीं मिली। उसके लिए इन दोनों ही खिलाड़ियों ने काफी मेहनत की है। इसलिए आप देख सकते हैं कि उनके अंदर वो भूख है, वो जज्बा है जो उन्हें टॉप पर ले जा सकता है।’