IPL के पिछले सीजन ने आवेश के आत्मविश्वास को काफी बढ़ा दिया जिसका परिणाम इस सीजन में देखने को मिल रहा - रवि शास्त्री - क्रिकट्रैकर हिंदी

IPL के पिछले सीजन ने आवेश के आत्मविश्वास को काफी बढ़ा दिया जिसका परिणाम इस सीजन में देखने को मिल रहा – रवि शास्त्री

सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ आवेश खान ने अपने 4 ओवरों में 24 रन देकर 4 महत्वपूर्ण विकेट हासिल किये।

Avesh Khan. (Photo Source: IPL/BCCI)
Avesh Khan. (Photo Source: IPL/BCCI)

इंडियन प्रीमियर लीग का(IPL) 2022 सीजन का 12वां मैच सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के बीच खेला गया। जिसमें LSG की तरफ से एक बार फिर शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। SRH ने टॉस जीतकर इस सीजन की नई टीम को पहले बल्लेबाजी करने के लिए आमंत्रित किया। बल्लेबाजी करने उतरी LSG की शुरुआत अच्छी नहीं रही क्योंकि टीम ने अपने तीन बल्लेबाजों को जल्दी खो दिया था।

हालांकि LSG के कप्तान केएल राहुल ने शुरू से टीम को संभाले रखा और 50 गेंदों में 6 चौकों और 1 छक्के की मदद से 68 रनों की अहम पारी खेली। वहीं दूसरी तरफ बल्लेबाजी करने आये दीपक हुड्डा ने 33 गेंदों में 3 चौके और 3 छक्के लगाकर 51 रनों की पारी खेली और टीम को 169 रनों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

वहीं 170 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद ने भी अपने सलामी बल्लेबाजों को जल्दी खो दिया। LSG के गेंदबाज विपक्षी टीम पर शुरू से ही हावी हो गए। LSG के तेज गेंदबाज आवेश खान ने SRH के कप्तान केन विलियमसन सहित चार बल्लेबाजों को पवेलियन का रास्ता दिखाया। इसके अलावा जेसन होल्डर ने भी इस सीजन के पहले मैच में ही 3 विकेट हासिल कर लिए। गेंदबाजों के इस शानदार प्रदर्शन से LSG ने इस मैच को 12 रनों से जीत लिया।

इस बीच भारतीय टीम के पूर्व मुख्य कोच रवि शास्त्री ने आवेश खान की जमकर तारीफ की और कहा कि पिछले IPL 2021 सीजन के बाद उसको काफी आत्मविश्वास मिला है। आपको बता दें, आवेश खान ने पिछले सीजन के दौरान दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे थे, उन्होंने 16 मैचों में 24 विकेट हासिल किये थे।

“आवेश खान एक बेहतर गेंदबाज हैं”- रवि शास्त्री

ईएसपीएन क्रिकइन्फो पर बोलते हुए रवि शास्त्री ने कहा “आवेश खान ने शानदार प्रदर्शन कर अपनी टीम के लिए उत्कृष्ट काम किया है। वह अपने गेम में सुधार कर रहे हैं। मैंने उन्हें पिछले एक साल से लगातार ऊपर आते देखा है और वह एक बेहतर गेंदबाज है। IPL 2021 में उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया जिससे उन्हें आत्मविश्वास मिला जिसकी मदद से उन्होंने इस सीजन में शानदार शुरुआत की।”

वहीं मार्कस स्टोइनिस के टीम में शामिल होने को लेकर रवि शास्त्री ने कहा “जेसन होल्डर के टीम में शामिल होने के बाद लखनऊ की टीम काफी मजबूत नजर आ रही थी। इसके अलावा स्टोइनिस का टीम में शामिल होना टीम को और भी मजबूत बनाएगा। LSG ने एक अच्छी शुरुआत की है और टूर्नामेंट के आगे बढ़ने के साथ उनके लिए मजबूत होना काफी अच्छा होगा।”

close whatsapp