IRE vs IND 2026: वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू पर रविचंद्रन अश्विन की बड़ी सलाह, बोले ‘जल्दबाजी ठीक नहीं’
भारत की हार के बाद उठे सवालों के बीच रविचंद्रन अश्विन ने टीम प्रबंधन के फैसले को पूरी तरह सही ठहराया
अद्यतन - जून 27, 2026 5:06 अपराह्न

आयरलैंड के खिलाफ पहले टी20 मुकाबले में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को भारतीय टीम की प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली। 15 वर्षीय बल्लेबाज के डेब्यू का फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे थे, लेकिन टीम मैनेजमेंट ने संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा की ओपनिंग जोड़ी पर ही भरोसा जताया। पहले मुकाबले में भारत की 34 रन की हार के बाद इस फैसले पर सवाल उठने लगे, लेकिन अनुभवी स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने टीम प्रबंधन का खुलकर समर्थन किया।
‘सिर्फ डेब्यू के लिए टीम का संतुलन नहीं बिगाड़ सकते’
अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए अश्विन ने कहा कि संजू सैमसन ने टी20 विश्व कप में शानदार बल्लेबाजी की थी, जबकि अभिषेक शर्मा भी टीम के नियमित ओपनर हैं। ऐसे में केवल वैभव को मौका देने के लिए इस सफल जोड़ी को तोड़ना सही फैसला नहीं होता। उन्होंने कहा कि क्रिकेट एक टीम गेम है और किसी खिलाड़ी का डेब्यू टीम के संतुलन से ऊपर नहीं रखा जा सकता। इसलिए चयनकर्ताओं का फैसला पूरी तरह सही था।
अश्विन का मानना है कि किसी युवा खिलाड़ी के विकास के लिए सिर्फ मैच खेलना ही जरूरी नहीं होता। टीम के साथ समय बिताना, सीनियर खिलाड़ियों को करीब से देखना और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का माहौल समझना भी उतना ही अहम है।
उन्होंने कहा कि वैभव को अभी धैर्य रखना चाहिए। टीम की छोटी-छोटी जिम्मेदारियां निभाने और ड्रेसिंग रूम का हिस्सा बनने से भी खिलाड़ी काफी कुछ सीखता है। अश्विन ने सचिन तेंदुलकर का उदाहरण देते हुए कहा कि एक बार मौका मिलने के बाद अगर खिलाड़ी खुद को साबित कर दे, तो वह लंबे समय तक टीम का अहम हिस्सा बन सकता है।
खैर, पहले टी20 मुकाबले में आयरलैंड ने भारत को 34 रन से हराकर इतिहास रच दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए मेजबान टीम ने 182/9 का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया। कप्तान लॉर्कन टकर ने अर्धशतक लगाया, जबकि गैरेथ डेलानी ने 49 रन की तेज पारी खेली।
लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत शानदार रही। अभिषेक शर्मा ने सिर्फ 20 गेंदों में अर्धशतक जड़ दिया, लेकिन उनके आउट होते ही पूरी बल्लेबाजी लड़खड़ा गई। आयरलैंड के गेंदबाजों ने शानदार वापसी करते हुए भारत को 148 रन पर समेट दिया।